रालेगण सिद्धि, महाराष्ट्र, 30 जुलाई 2018: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा कि वह केंद्र में लोकपाल बिल की नियुक्ति के विलंब के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ 2 अक्टूबर से भूख हड़ताल करेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की, कि वे देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के उनके अभियान में उनका साथ दें।

श्री हजारे ने कहा कि मैं महाराष्ट्र में अहमदनगर जिले के अपने गांव रालेगण सिद्धि में 2 अक्टूबर (महात्मा गांधी) की जयंती के दिन से भूख हड़ताल करूंगा। उन्होंने राज्य सरकार की निंदा की और कहा कि इसने पहले आश्वासन दिया था कि लोकपाल की नियुक्ति करेगी और संसद द्वारा पारित एवं राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित लोकपाल विधेयक को क्रियान्वित करेगी, लेकिन भ्रष्टाचार पर रोक लगाने को लेकर सरकार के पास इच्छाशक्ति की कमी है और इसलिए यह बहुत से कारण बता रही है, तथा लोकपाल की नियुक्ति में विलंब कर रही है। लोकपाल आंदोलन का चेहरा रहे श्री हजारे ने 2011 से 12 में 12 दिन तक भूख हड़ताल की थी। भारत में उनके इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला था। इसके चलते सप्रंग सरकार ने लोकपाल विधेयक पारित कर दिया था।







