- कुमार विश्वास ने ट्वीट कर कहा आजादी मुबारक
- वरिष्ठ पत्रकार ने कहा कि पार्टी अपने उद्देश्य से भटक गई
नई दिल्ली, 15 अगस्त 2018: आप पार्टी में आज एक बड़ा नाटकीय मोड़ देखने को मिला, जब स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष ने आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा दे दिया। सूत्रों के मुताबिक आशुतोष ने पार्टी के संयोजक केजरीवाल को कुछ महीने पहले ही अपना इस्तीफा सौंप दिया था, लेकिन इसे मंजूर नहीं किया गया था। आज आशुतोष ने सार्वजनिक तौर पर पार्टी छोड़ने की घोषणा की है लेकिन मुख्यमंत्री श्री केजरीवाल ने कहा इस जन्म में तो इस्तीफा नहीं स्वीकार होगा, और इसी के साथ उनका इस्तीफा फाड़ दिया गया। इसके बाद श्री केजरीवाल ने आशुतोष को गले लगा कर उनके गिले- शिकवे दूर किये।
बता दें कि वरिष्ठ पत्रकार और आप पार्टी के वरिष्ठ संयोजक आशुतोष ने ट्विटर पर अपने इस्तीफे की घोषणा की और कहा कि वे निजी कारणों से ऐसा कर रहे हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आशुतोष के इस्तीफे को मंजूर करने से इनकार कर दिया है।
इस जन्म में तो इस्तीफा नहीं किया जायेगा स्वीकार: केजरीवाल
आशुतोष के ट्वीट के कुछ ही घंटे बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा इस जन्म में तो आपका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा। अरविंद केजरीवाल एक और ट्वीट में आशुतोष को टैग करते हुए लिखा कि सर हम सब आपको बहुत प्यार करते हैं।
आशुतोष ने ट्वीट पर किया था इस्तीफे का ऐलान
इससे पहले आशुतोष ने ट्वीट कर अपने इस्तीफे का ऐलान किया था. आशुतोष ने ट्वीट में लिखा, ‘मैंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और पीएसी से निवेदन किया है कि वो मेरा इस्तीफा स्वीकार करें। मैंने यह फैसला बेहद निजी कारणों के चलते लिया है. मैं पार्टी और अपने समर्थकों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, धन्यवाद.’
2014 में ज्वाइन की थी पार्टी
आशुतोष ने 2014 में आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। उन्होंने 2014 में ही दिल्ली की चांदनी चौक से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा हाल ही में राज्यसभा सीट को लेकर उनके पार्टी के साथ टकराव सामने आया था। ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि आम आदमी पार्टी आशुतोष को राज्यसभा भेज सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया था।







