नई दिल्ली, 05 अक्टूबर 2018: सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैच की सीरीज के पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल जारी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रहे भारत ने लंच के बाद अंतिम समाचार मिलने तक 36 ओवर में 189/1 रन बना लिए थे। पृथ्वी शॉ (103) और चेतेश्वर पुजारा (80) क्रीज पर हैं। लोकेश राहुल (0) को स्टुअर्ट गेब्रियल ने आउट किया।
वेस्टइंडीज के नियमित कप्तान जेसन होल्डर टखने में चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह क्रेग ब्रेथवेट टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
भारत ने मुंबई के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को पदार्पण का मौका दिया है। शॉ भारत की तरफ से टेस्ट कैप पहनने वाले 293वें खिलाडी हैं। शॉ 14 प्रथम श्रेणी मैच खेलने के बाद राष्ट्रीय टीम में आ रहे हैं। शॉ की कप्तानी में ही भारत ने इसी साल अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता था। शॉ ने पिछले साल इसी मैदान पर रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया था और शतक बनाया था। उन्हें इसी मैदान पर अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने का मौका मिला है।
कोहली ने तीन स्पिनरों के साथ खेलने का फैसला किया है और इसलिए कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन को टीम में चुना है। वेस्टइंडीज के लिए सुनील अम्बीरस और शेरमन लुइस टेस्ट पदार्पण कर रहे है।







