मैंने जब से सच्चाई बयां की है, तब से बड़े स्टार्स असहज हो उठे हैं
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर 2018: मी-टू मूवमेंट से चर्चा में आई तनुश्री दत्ता ने एक निजी कार्यक्रम में कहा जब से मैंने अपना खुलासा कर इस चर्चा की शुरूआत की है, तब से बड़े स्टार असहज हो उठे हैं। कुछ इसमें शामिल भी हैं। बहुत से लोगों के पास मेरा फोन नंबर नहीं है। कुछ ने सोशल मीडिया पर आगे बढ़कर मुझे सपोर्ट किया है। कुछ लोगों ने तय किया है कि वे दोषियों के साथ काम नहीं करेंगे। मैं सोशल मीडिया पर नहीं हूं, इसलिए उनकी टिप्पणी को नहीं पढ़ा, लेकिन लोगों के सपोर्ट से वाकिफ हूं।

उन्होंने कहा अभी कुछ ही महिलाएं अपने साथ हुए शोषण के बारे में बात कर रही हैं। महिलाएं अपनी बात कहने के लिए सही समय का इंतजार करती हैं। मेरा मानना है कि जब लगे कि बोल सकते हैं, वही बोलने का सही समय है। तभी बोल देना चाहिए। तनुश्री ने नाना पाटेकर पर फिल्म ”हॉर्न ओके प्लीज” की शूटिंग के दौरान छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
तनुश्री ने कहा कि इसे एक विवाद के रूप में देखा जा रहा है। लोग इसके गुजरने का इंतजार कर रहे हैं। 10 साल पहले मैं तीन दिन तक नेशनल टीवी पर रही। मुझे इस विवाद के कारण काफी कुछ खोना पड़ा। तनुश्री दत्ता ने कहा कि जब उन्होंने 10 साल पहले नाना पाटेकर पर फिल्म सेट पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे, तब भी उनके पक्ष में ऐसा ही माहौल बना था। बॉलीवुड सेलीब्रिटीज ने तमाम बयान दिए थे। यौन शोषण के खिलाफ काफी चर्चा हुई। मूवमेंट चला, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला।







