पटना, 12 नवंबर 2018: लोक आस्था के महापर्व छठ के शुभ अवसर पर 14 नवम्बर को स्टार दिनेशलाल यादव निरहुआ की फ़िल्म ‘निरहुआ हिंदुस्तानी 3’ रिलीज होगी। ये जानकारी आज खुद पटना के होटल रिपब्लिक में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दिनेशलाल यादव निरहुआ ने दी।
उन्होंने संपूर्ण बिहार वासियों को छठ पूजा की बधाई देते हुए कहा कि ‘निरहुआ हिंदुस्तानी 3’ छठ पूजा के अवसर पर भोजपुरिया समाज को निरहुआ इंटरटेंमेंट की ओर से एक बेहतरीन तोहफा है। यह फिल्म दर्शकों को दिल को छू लेने वाली है। फिल्म की कहानी से लेकर मेकिंग तक सब कुछ बेहद खास है। ‘निरहुआ हिंदुस्तानी 3’ इस सीरीज की अब तक बनी दोनों फिल्मों से भी बड़ी फिल्म है।
अश्लीलता के सवाल पर निरहुआ ने साफ कहा कि निरहुआ इंटरटेंमेंट फिल्मों में किसी भी तरह की असहज या अश्लील चीजों के खिलाफ है। यह आपको इस बैनर की सभी फिल्मों में देखने को मिलेगा। आप ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’ श्रृंखला की ही तीनों फिल्मों को देख लीजिए। अभी हाल ही बॉर्डर रिलीज हुई थी। इन सभी फिल्मों में फिल्म की मूल आत्मा को लेकर मेकिंग की गई, न कि दर्शकों को ठगने के लिए कुछ भी परोसा गया। आज पूरी इंडस्ट्री क्वालिटी सिनेमा बनाने में लगी है। क्योंकि सबको समझ में आ गया है कि सिनेमा के नाम पर नंगापन नहीं चलेगा।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान फिल्म की लीड अभिनेत्री और यू-ट्यूब क्वीन आम्रपाली दुबे ने भी छठ व्रतियों के लिए अपने गाने गाये और कहा कि ‘निरहुआ हिंदुस्तानी 3’ को छठ मईया के भक्त जरूर देखेंगे। ऐसा मुझे पूरा विश्वास है।
वहीं, शुभी शर्मा ने ‘निरहुआ हिंदुस्तानी 3’ को अपने लिए खास बताया और कहा कि मैंने निरहुआ इंटरटेंमेंट के साथ ही अपने करियर की शुरूआत की थी। तब से आज तक इस बैनर की फिल्मों में काफी बदलाव आया है। यह फिल्म भी काफी अच्छी है और इसमें मेरी भूमिका दर्शकों को जरूर पसंद आयेगी।
निरहुआ एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के कार्यकारी निर्माता हरिकेश यादव ने बताया कि निरहुआ हिंदुस्तानी के पहले दो पार्ट को दर्शकों ने खूब पसंद किया था, जिसके बाद लोगों की डिमांड भी थी कि इस फ़िल्म का और सीक्वल बने। निरहुआ हिंदुस्तानी एक पारिवारिक कथानाक वाली सीरीज है, इसलिए अब इसके तीसरे पार्ट को लेकर हम दर्शकों के सामने छठ पूजा के अवसर पर 14 नवम्बर को लेकर आ रहे हैं।







