दलित संगठनों के प्रतिनिधियों ने लोकसभा चुनाव से पूर्व मोदी के नेतृत्व वाली मोदी सरकार को नींद से जगाने के लिए मुंबई के चैत्यभूमि पर मार्च किया
मुंबई, 26 नवंबर 2018: जेएनयू के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने रविवार को दादर की चैत्यभूमि पर आयोजित रैली में प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी को राम की चिंता से ज्यादा, काम की चिंता होनी चाहिए। इससे पूर्व कन्हैया ने 14 युवा संगठनों की संविधान बचाओ रैली में भी विचार रखे।
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और जवाहरलाल नेहरु यूनिवर्सिटी (जेएनयू ) के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने मोदी के खिलाफ बड़ा हमला बोला। इन संगठनों में राज्य की कांग्रेस और राष्ट्रवादी पार्टी की युवा ईकाई भी शामिल थीं, जिन्होंने रैली की अगुवाई की। रैली में कन्हैया कुमार ने कहा, मोदी जी मन की बात करते हैं, पर भूख और काम की बात नहीं करते।
बता दें कि रविवार को अयोध्या में जिस समय भाजपा की सहयोगी शिवसेना और विश्व हिंदू परिषद राम मंदिर मुद्दे पर जमा थे, ठीक उसी समय 150 से ज्यादा दलित संगठनों के प्रतिनिधियों ने लोकसभा चुनाव से पूर्व मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को नींद से जगाने के लिए मुंबई के चैत्यभूमि पर मार्च किया। दलित संगठनों ने मोदी सरकार और भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या और संविधान के सिद्धांतों को कुचलने का आरोप लगाते हुए मांग की कि सभी विपक्षी पार्टियां एकजुट होकर चुनाव लड़ें।







