पटना, 06 दिसंबर 2018: विकासशील इंसान पार्टी राज्य के 20 लोकसभा क्षेत्रों में ‘SC/ST निषाद आरक्षण रैली’ करेगी. पहले चरण में 7 दिसंबर से बिहार के 5 लोकसभा क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर से दौरा कर SC/ST निषाद आरक्षण रैली का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले 4 नवंबर को पटना के गाँधी मैदान में निषाद आरक्षण महारैला में आए 5 लाख से ज्यादा लोगों ने कीर्तिमान स्थापित किया। यह बातें विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सन ऑफ़ मल्लाह मुकेश सहनी ने पटना के होटल मौर्या में पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
सन ऑफ़ मल्लाह ने कहा कि पहले चरण में सुपौल, बगहा, खगड़िया, भागलपुर तथा अररिया में रैली का आयोजन किया जाएगा। 07 दिसंबर को सुपौल, 10 दिसंबर को बगहा, 12 दिसंबर को खगड़िया, 15 दिसंबर को भागलपुर तथा 17 दिसंबर को अररिया में हेलिकॉप्टर से दौरा कर सन ऑफ़ मल्लाह SC/ST निषाद आरक्षण रैली में शामिल होंगे। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में लाखों-लाख की संख्या में निषाद समाज के लोग रैली में शामिल होंगे. तत्पश्चात फ़रवरी में बिहार के 15 और लोकसभा क्षेत्रों में रैली का आयोजन किया जाएगा।







