कैटरीना के लिए हमेशा मन में सम्मान रहा है: दीपिका पादुकोण
मुंबई, 18 दिसम्बर 2018: एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने कहा कि उनके मन में कैटरीना कैफ के लिए हमेशा से सम्मान रहा है। दीपिका पादुकोण और कैटरीना कैफ दोनों ही रणबीर कपूर को डेट कर चुकी है। दोनो के रिश्ते में उतार-चढ़ाव की खबरें आती रही हैं। दीपिका पादुकोण ने रणवीर सिंह से शादी कर ली है। कैटरीना भी अपनी पर्सनल लाइफ में आगे बढ़ गई हैं और इस समय उनका पूरा फोकस अपने करियर पर है। दोनों के बीच खराब रिश्ते भी सुधर गए हैं।
मीडिया में छपीं ख़बरों के अनुसार दीपिका ने कहा कि हम दोनों के रिश्ते को लेकर लोगों के बीच काफी अफवाहें फैलती रही हैं। मेरे मन में उनके लिए हमेशा से बहुत सम्मान रहा है। इतने सालों में वे जिस तरह से रही हैं, काम को लेकर उनका जिस तरह का नजरिया रहा है, मैं उनका सम्मान करती आई हूं।
उन्होंने कहा कि वो हमेशा से मेरे लिए प्रिय रही हैं। हम दोनों का रिश्ता भी काफी शांतिपूर्ण है। पिछले दिनों कैटरीना, दीपिका की रिसेप्शन पार्टी में शामिल हुई थी। इसके बाद दोनों अभिनेत्रियों ने एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर फॉलो किया। कैटरीना ने इस पर कहा भी था कि दीपिका को फॉलो बैक करने का ख्याल उनके मन में स्वाभाविक रूप से आया।







