- शोक सभा में संघर्ष समिति ने कहा पीड़ित परिवार को देंगे 50 हजार की आर्थिक मदद और साथ ही दोषियों को सजा दिलाने के लिए अच्छे वकीलों से पैरवी कराने हेतु भी करेगी आर्थिक मदद
- संघर्ष समिति मृतक छात्रा की बड़ी बहन की शादी में भी करेगी व्यापक आर्थिक सहयोग
लखनऊ, 21 दिसम्बर 2018: आगरा में (कक्षा 10 ) की होनहार छात्रा संजलि जाटव की असामाजिक तत्वों द्वारा पेट्रोल डालकर हत्या किये जाने के मामले में प्रदेश के 8 लाख आरक्षण समर्थकों में उबाल है आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र ने प्रदेश सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही व उचित मुआवजा देने की मांग की है।
बता दें कि संघर्ष समिति की प्रान्तीय कार्यसमिति ने संजलि जाटव की आत्मा की शान्ति के लिए आज अपने कार्यालय में एक आपात बैठक सम्पन्न की और संयोजक मण्डल ने 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किया। शोक सभा में ऐलान किया गया कि पीड़ित परिवार को संघर्ष समिति 50 हजार रुपए की बाबा साहब पे बैक टू सोसायटी के तहत फौरी तौर पर आर्थिक मदद देगी और साथ ही दोषियों को सजा दिलाने के लिए अच्छे वकीलों से पैरवी कराने में भी आर्थिक मदद करेगी।
समिति ने कहा कि इसके साथ ही उनकी बड़ी बहन अंजलि की शादी में भी पूरे प्रदेश का आरक्षण समर्थक भारी आर्थिक सहयोग करेगा। संघर्ष समिति संयोजकों ने मृतक छात्रा के पिता से फोन पर बात कर उन्हें सांत्वना दी।
इस मामले पर संघर्ष समिति के संयोजक अवधेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में एक 12 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल आगरा जाकर पीड़ित परिवार सांत्वना व आर्थिक मदद प्रदान करेगा।
शोक सभा में शामिल होने वाले आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के संयोजकों सर्वश्री अवधेश कुमार वर्मा, डा रामशब्द जैसवारा, आरपी केन, अनिल कुमार, श्यामलाल, अन्जनी कुमार, एसपी सिंह, रीना रजक, आदर्श कौशल, बनी सिंह, राम औतार, दिनेश कुमार, प्रेम चन्द्र, अशोक सोनकर, अजय चैधरी, राम नरायन, शिवराम, राम कुमार, राजेश पासवान, सुनील कनौजिया ने कहा कि इस प्रकार घटना से पूरे प्रदेश के 8 लाख आरक्षण समर्थक कार्मिकों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि ऐसे में यूपी सरकार को अविलम्ब दोषियों को गिरफ्तार कराकर कठोर कार्यवाही करना चाहिए।







