पटना, 06 जनवरी 2019: सोमवार 7 जनवरी को पटना के मिलर हाई स्कूल ग्राउंड में विकासशील इंसान पार्टी के द्वारा माछ-भात के भोज का आयोजन किया जा रहा है. इसमें नेता प्रतिपक्ष श्री तेजस्वी प्रसाद यादव, रालोसपा प्रमुख श्री उपेन्द्र कुशवाहा, हम(से) सुप्रीमो श्री जीतनराम मांझी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री मदन मोहन झा सहित महागठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे. रविवार को वीआईपी सुप्रीमो सन ऑफ़ मल्लाह श्री मुकेश सहनी ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी.
सन ऑफ़ मल्लाह ने कहा कि पटना के पश्चात बिहार के सभी जिलों में ‘माछ-भात खाएँगे, महागठबंधन को जिताएंगे’कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. ज्यादातर जिलों में सन ऑफ़ मल्लाह स्वयं कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. साथ ही सभी जिलों में महागठबंधन के राज्य तथा जिले के तमाम बड़े नेता उपस्थित रहेंगे. सन ऑफ़ मल्लाह ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार के सभी 40 सीटों पर महागठबंधन जीत दर्ज करेगी.






