- आस्ट्रेलिया को आठ रन से हराया सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई
- कप्तान कोहली ने खेली 116 रन की शानदार शतकीय पारी
नई दिल्ली, 06 मार्च 2019: नागपुर वनडे में मंगलवार को खेले गए वनडे में कप्तान विराट कोहली के लाजवाब शतक के बाद स्पिनरों ने बीच के ओवरों और तेज गेंदबाजों ने डेथ ओवरों में कमाल दिखाया, और इसके बाद भारतीय गेंदबाजों की आंधी में ऑस्ट्रेलिया उड़ गयी।। जिससे भारत ने मंगलवार को यहां उतार-चढ़ाव से भरे दूसरे वनडे मैच में आस्ट्रेलिया पर आठ रन की रोमांचक जीत दर्ज करके पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से बढत बना ली।
बता दें कि कुलदीप यादव (54 रन देकर तीन) की अगुआई में स्पिनरों ने बीच के ओवरों में रन गति पर अंकुश लगाया। इसके बावजूद आस्ट्रेलिया को आखिरी पांच ओवर में 29 रन चाहिए थे और उसके चार विकेट बचे हुए थे। ऐसे में जसप्रीत बुमराह (29 रन देकर दो) ने ख्याति के अनुरूप कमाल की गेंदबाजी की। अंतिम ओवर में जब आस्ट्रेलिया जीत से 11 रन दूर था तब विजय शंकर (15 रन देकर दो) ने जिम्मा संभाला तथा तीन गेंदों पर खतरनाक मार्कस स्टोइनिस (52) सहित दो विकेट लेकर भारत को वनडे में 500वीं जीत दिलाई।

बता दें कि भारत की जीत की नींव कोहली ने रखी थी। उन्होंने 120 गेंदों पर 116 रन की लाजवाब पारी खेली जिसमें दस चौके शामिल हैं। इससे पता लगता है कि उन्होंने अपने अधिकतर रन दौड़कर लिए। कोहली को इस बीच केवल विजय शंकर (41 गेंदों पर 46) ही अच्छा सहयोग दे पाए। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 81 रन जोड़े। भारतीय टीम 48.2 ओवर में 250 रन बनाकर आउट हुई।
कप्तान आरोन ¨फच (37) और उस्मान ख्वाजा (38) ने पहले विकेट के लिए 83 रन जोड़कर आस्ट्रेलिया को ठोस शुरुआत दिलाई। पीटर हैंड्सकांब ने बीच के ओवरों में 48 रन की पारी खेली जबकि स्टोइनिस ने आखिर तक उम्मीद बनाए रखी लेकिन आखिर में आस्ट्रेलियाई टीम 49.3 ओवर में 242 रन पर आउट हो गई। खराब फार्म में चल रहे ‘फच आज अपनी नैसर्गिक लय में दिखे और उन्होंने ख्वाजा के साथ मिलकर सहजता से रन बटोरे। जब मोहम्मद शमी (60 रन देकर कोई विकेट नहीं) और बुमराह शुरू में सफलता नहीं दिला पाए तथा विजय शंकर और जडेजा (48 रन देकर एक) भी प्रभाव नहीं छोड़ पाए तो कोहली ने गेंदबाजी में लगातार बदलाव किए। इससे पहले कप्तान विराट कोहली ने दबाव की परिस्थितियों में 40वां वनडे शतक लगाया।
कोहली को विजय शंकर (41 गेंदों पर 46 रन) के रूप में अच्छा सहयोगी मिला। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 81 रन जोड़े। शंकर हालांकि कोहली के स्ट्रेट ड्राइव पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए।
जडेजा ने किये वनडे में दो हजार रन पूरे:
नागपुर वनडे में भारतीय ऑलराउंडर क्रिकेटर रविंद्र जडेजा ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले के दौरान अपने 2000 रन पूरे कर लिए। भारत की ओर से अपना 149वां वनडे मैच खेल रहे जडेजा ने अपनी 21 रन की पारी का 10वां रन बनाने के साथ ही वनडे में 2000 रन पूरे करने की उपलब्धि हासिल कर ली। जडेजा वनडे में 2000 रन बनाने वाले भारत के 25वें खिलाड़ी बन गए हैं।







