थेरेसा कोको मिला झटका : ब्रिटिश स्पीकर ने वोटिंग की अनुमति नहीं दी
ब्रिटिश सांसददो बार इससे पहले कर चुके हैं इस समझौते को खारिज
नई दिल्ली, 21 मार्च 2019: ‘‘ब्रेक्जिट’ को लेकर संकट में फंसी ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे को ताजा झटका उस समय लगा जब ‘‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ के स्पीकर जॉन बकरे ने आश्र्चयजनक घटनाक्रम के तहत यूरोपीय संघ (ईयू) से अलग होने के उनके समझौते पर तीसरी बार मतदान कराने की अनुमति नहीं दी। ब्रिटिश सांसद इससे पहले दो बार इस समझौते को खारिज कर चुके हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो स्पीकर बकरे द्वारा प्रधानमंत्री थेरेसा की योजना खारिज करने के बाद अब प्रधानमंत्री अपनी कैबिनेट की बैठक बुलाएंगी जिसमें ईयू से अलग होने को लेकर अगले कदम पर विचार किया जाएगा। दरअसल, थेरेसा ब्रेक्जिट समझौते पर तीसरी बार मतदान कराने की तैयारी में थीं। बकरे ने सोमवार को फैसला सुनाया कि अगर सरकारी प्रस्ताव ‘‘लगभग समान’ रहता है तो उस पर एक बार और मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस प्रस्ताव को जनवरी और पिछले सप्ताह क्रमश: 230 और फिर 149 वोटों के अंतर से गिराया जा चुका है।
उन्होंने कहा, वर्ष 1604 की संसदीय परंपरा के अनुसार, सांसदों से समान विषय पर दो बार बार मतदान के लिए नहीं कहा जा सकता। उन्होंने संकेत दिये कि उन्होंने दूसरी बार मतदान की अनुमति इसलिए दी थी क्योंकि सरकार ने दावा किया था कि विवादित आयरिश संबंधी उपबंध में कुछ बदलाव किया गया है। इस उपबंध में 29 मार्च को 28 सदस्यीय यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के बाहर होने के लिए बेहतर समझौते का प्रस्ताव था।दरअसल, ब्रिटेन को 29 मार्च को ईयू से बाहर होना है।
ब्रिटेन सरकार ईयू से ब्रेक्जिट को थोड़ा टालने के लिए कह सकती है लेकिन उसके लिए सभी 27 ईयू नेताओं को अपनी अनुमति देनी होगी। प्रधानमंत्री थेरेसा बृहस्पतिवार को यूरोपीय परिषद के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्रसेल्स रवाना होंगी जहां ईयू नेता ब्रेक्जिट की समयसीमा 29 मार्च को आगे बढ़ाने के विषय पर सहमत होने पर विचार करेंगे।







