- वीआईपी प्रमुख सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी ने की घोषणा
- कहा-राजनीतिक अनुभव रखने वाले व्यक्ति हैं ई. बद्री कुमार पूर्वे
पटना, 06 अप्रैल 2019: मधुबनी लोकसभा सीट से महागठबंधन ने ई. बद्री कुमार पूर्वे अपना उम्मीदवार बनाया है। पूर्वे विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा आज वीआईपी पार्टी के पटना स्थित कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह खगडि़या लोकसभा सीट से महागठबंधन के उम्मीदवार सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी ने की।
इस दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबंधन में हमारी पार्टी को तीन सीटें मिलीं हैं। इनमें खगड़िया, मुजफ्फरपुर और मधुबनी की सीटें शामिल हैं। दो सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा हम पहले कर चुके थे। अब तीसरी सीट मधुबनी की थी, जिसकी घोषणा आज हमने कर दी है। इस सीट पर एक राजनीतिक अनुभव रखने वाले व्यक्ति ई. बद्री कुमार पूर्वे चुनाव लड़ेंगे।
ई. बद्री कुमार पूर्वे सिविल इंजीनियर हैं:
उन्होंने कहा कि पूर्वे सिविल इंजीनियर हैं और छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वर्तमान में राजद के प्रदेश महासचिव के पद पर कार्यरत थे। उनके सामाजिक अनुभव, राजनीतिक समर्पण और सामाजिक विचारधारा को देखकर मुधबनी लोकसभा सीट के लिए हमने टिकट देने का काम किया है। पूर्वे बद्रीनगर एनएच – 57 मधुबनी रोड, वासुदेवपुर के निवासी हैं।







