मुंबई, 19 अप्रैल 2019: अपना हीरो अक्षय कुमार महानायक अमिताभ बच्चन की फिल्म सत्ते पे सत्ता के रीमेक में काम करते नजर आ सकते हैं। बॉलीवुड में रीमेक फिल्मों का निर्माण होता रहा है। मीडिया ख़बरों के अनुसार फराह खान को रोहित शेट्टी ने 1982 में प्रदर्शित फिल्म सत्ते पे सत्ता का रीमेक बनाने की जवाबदारी सौंपी है।
बता दें कि सत्ते पे सत्ता में अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। अक्षय कुमार को यह फिल्म ऑफर की गई है और अक्षय इस फिल्म में अमिताभ वाले किरदार में दिखाई दे सकते हैं। वहीं, हेमा मालिनी वाले रोल में दीपिका पादुकोण के नाम पर विचार किया जा रहा है। अक्षय इस समय रोहित के साथ सूर्यवंशी कर रहे हैं और फराह के साथ तीस मार खां कर चुके हैं। दीपिका को उनकी पहली फिल्म ओम शांति ओम में फराह ने हेमा मालिनी वाले अंदाज में ही दर्शाया था।
फिल्म में अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी भी विशेष भूमिका में नजर आ सकते हैं। सत्ते पे सत्ता अमेरिकन म्युजिकल फिल्म सेवन ब्राइड्स फॉर सेवन ब्रदर्स की रीमेक थी। राज एन सिप्पी निर्देशित यह फिल्म आज भी टीवी के दर्शकों के बीच काफी पसंद की जाती है।







