जो अटल होते हैं उन्हें हवा और लहर का असर नहीं होता
बाँदा, 27 अप्रैल 2019: बाँदा-चित्रकूट संसदीय क्षेत्र से ‘साथी’ के प्रत्याशी सांसद श्यामाचरण गुप्ता के समर्थकों का कारवाँ बढ़ता जा रहा है। अखिल भारतीय वैश्य कसौंधन महासभा हाल ही में महागठबंधन के प्रत्याशी श्यामाचरण गुप्ता के समर्थन में एकजुट होकर साथ में आ खड़ा हुआ है।
कसौंधन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ के पूर्व मेयर, पूर्व एमएलसी और समाजसेवी दाऊजी गुप्ता के दिशा-निर्देश में वैश्य समाज के प्रत्याशियों के समर्थन की बात कही गयी। कसौंधन महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामप्रताप गुप्ता (पूर्व वरिष्ठ सपा नेता) ने अध्यक्ष जी के दिशा-निर्देशानुसार बाँदा-चित्रकूट संसदीय क्षेत्र में वहाँ के कसौंधन महासभा के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ मिलकर बैठक की। समाज के मतदाताओं को मत का महत्व समझाते हुए मत डालने के लिये प्रेरित भी किया।

उन्होंने बताया कि इस संसदीय क्षेत्र में कसौंधन वैश्य समाज का वोट लगभग चालीस हजार है, हमारा समर्थन और झुकाव वैश्य प्रत्याशी श्यामाचरण गुप्ता के साथ है। ताकि वैश्य समाज की भी राजनीति में हिस्सेदारी बढ़ सके। राजनीति में हिस्सेदारी के मामले में वैश्य समाज सबसे पिछड़ा है। जबकि सरकारों को सबसे ज्यादा टैक्स देने वाला व्यापारी वर्ग ही है। अगर पूरे वैश्य समाज की बात कही जाये तो संख्या में भी वो सर्वाधिक है। किन्तु आज भी राजनीतिक रूप से वो सबसे पिछड़ा है। देशहित की पहली सीढ़ी समाज हित ही है। अपने अधिकारों के प्रति वैश्य वर्ग बहुत पिछड़ा है अतः बिना भेदभाव के ‘वो चाहे किसी भी वैश्य समाज से हो, किसी भी दल से हो’ कसौंधन वैश्य समाज, वैश्य समाज के प्रत्याशी के समर्थन का कार्य कर रहा है और अन्य वैश्य समुदाय के बंधुओं से भी यही गुजारिश करते हैं कि एक होकर ताकत बन जाईये फिर आपके हक और अधिकारों का कोई हनन नहीं कर पायेगा।
वहीं बबेरू के डाक्टर सत्यनारायण गुप्ता व बाँदा के एडवोकेट अशोक कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से यह बात कही कि लहर और हवा में तो तिनके बहा करते हैं, असल में जो अटल होते हैं उन्हें हवा और लहर का असर नहीं होता। आप मजबूत होंगे तो देश भी मजबूत होगा और आप मजबूत तब होंगे जब आपकी बात रखने वालों की तादाद संसद में अधिक होगी। ओरन, अतर्रा, कर्वी, मानिकपुर, कालिंजर, बबेरू, बाँदा और बिसंडा से आये पदाधिकारियों ने भी अपनी बात रखी। व्यापारी ही व्यापारियों के हितों को समझ सकता है अतः कसौंधन समाज के अलावा भी सभी वैश्य-व्यापारी बंधुओं का भी रुझान उद्योगपति प्रत्याशी श्यामाचरण गुप्ता की ओर ही है। इनके पिछले कार्यकाल में विकास के कार्यों का ग्राफ भी अन्य की अपेक्षा काफी बढ़ा है।
संगठन मंत्री के साथ ही कसौंधन समाज के कई पदाधिकारी बाँदा-चित्रकूट संसदीय क्षेत्र में महागठबंधन प्रत्याशी श्यामाचरण के पक्ष में माहौल बनाने व समर्थन के लिये कार्य में लग गये हैं। बैठक में एडवोकेट अशोक गुप्ता, कमल कुमार गुप्ता, शिवप्रसाद गुप्ता, नरैनी से श्यामलाल गुप्ता, बिसंडा से विजय कुमार गुप्ता, ओरन से रामप्रताप गुप्ता, आशाराम गुप्ता, बबेरू से डाॅ. सत्यनारायण गुप्ता और विनोद कुमार गुप्ता के अलावा अन्य क्षेत्रों के भी तमाम सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे।






