रात 9 बजे चीख सुनकर पहुंचे, एक आरोपी पकड़ा
लखनऊ बैरिया क्षेत्र के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने सोमवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर एक युवती के जबरन अपहरण के प्रयास को विफल कर दिया। देवराज ब्रह्म मोड़ के पास करीब 9 बजे पांच युवकों ने युवती को जबरदस्ती बाइक पर बैठाने की कोशिश की।
पूर्व विधायक निमंत्रण से लौट रहे थे। तभी उन्हें युवती की चीख-पुकार सुनाई दी। उन्होंने देखा कि दो बाइकों पर सवार युवक उसे जबरन ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे तो चार युवक भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने युवती और एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी रोहित गुप्ता का दावा: जान-पहचान है, मदद के लिए पहुंचा था
पकड़े गए युवक की पहचान बैरिया निवासी रोहित गुप्ता के रूप में हुई। रोहित का कहना है कि युवती से उसकी जान-पहचान है। वह उसके घर आ रही थी, तभी रास्ते में कुछ युवकों ने घेर लिया और छेड़खानी करते हुए जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने लगे। युवती के फोन पर वह पहुंचा, जहां उसे भी पकड़ लिया गया।
युवती बस्ती की, फरवरी 2025 से गुमशुदा
युवती बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसके परिजनों ने फरवरी 2025 में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बैरिया पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर परिजनों को सूचना दे दी है।
पुलिस जांच में गंभीर, परिजन बुलाए गए
क्राइम इंस्पेक्टर एके मिश्रा ने बताया कि युवती के परिजनों को बुलाया गया है। अगर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है तो उसे पुलिस सौंप दिया जाएगा, अन्यथा संबंधित अदालत में बयान दर्ज कराया जाएगा। बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।







