नई दिल्ली, 16 मई 2019: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान हुयी हिंसक झड़पों के बाद नाराज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि ममता बनर्जी सरकार पश्चिम बंगाल में सब कुछ नष्ट करने पर तुली हुईं है और लोगों का दृढ़ विश्वास और साहस इस ‘अत्याचारी शासन’ को हटाएगा।
श्री मोदी ने कहा कि पूरे देश ने टीवी पर देखा कि किस तरह से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोडशो पर तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने हमला किया। देश पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम को उत्सुकता से देख रहा है। मोदी ने दावा किया कि कोलकाता में शाह के रोडशो पर तब हमला किया गया, जब ममता बनर्जी ने इस बात पर जोर दिया कि तृणमूल कांग्रेस भाजपा से बदला लेगी।
उन्होंने उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित ताकी में एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘दीदी के गुंडे बंदूक और बम लिए विनाश पर उतारू हैं। उन्होंने कहा, ‘‘दीदी पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़त से भयभीत हैं। राज्य के लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाकर सम्मान दिया, लेकिन सत्ता के नशे में चूर ममता बनर्जी लोकतंत्र का गला घोंट रही हैं।’
यह मोदी और अमित शाह को उपहार है: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल में मतदान के आखिरी चरण में प्रचार की अवधि पहले ही समाप्त करने पर चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि यह आयोग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उपहार दिया है जो ‘अभूतपूर्व, असंवैधानिक और अनैतिक’ है।
मुख्यमंत्री ने कहा, उन्होंने पहले कभी इस तरह का चुनाव आयोग नहीं देखा जो ‘आरएसएस के लोगों से भरा पड़ा’ है। बनर्जी ने एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया, पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की ऐसी कोई समस्या नहीं है कि अनुच्छेद 324 लागू किया जाए। यह अभूतपूर्व, असंवैधानिक और अनैतिक है।
यह दरसअल मोदी और अमित शाह को उपहार है। भारत के चुनावी इतिहास में इस तरह की पहली कार्रवाई में चुनाव आयोग ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के नौ लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार आज बृहस्पतिवार को रात 10 बजे ख़त्म हो रहा है।







