मुंबई, 22 मई 2019: आपत्तिजनक ट्वीट कर फंसे अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने कहा कि महिलाओं के सम्मान करने के बारे में वह हमेशा से बेहद सावधान रहे हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग ने सोमवार को एक्जिट पोल पर किए गए विवेक के ट्वीट को नारी-द्वेषी बताया और उनके ट्वीट पर विवेक से प्रतिक्रिया की मांग भी की। इससे पहले महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने विवेक के इस पोस्ट को महिलाओं के प्रति असम्मान बताया।
विवेक ने इस बारे में सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे महिला सशक्तीकरण पर पिछले दस सालों से काम कर रहे हैं, लेकिन इसका जिक्र उन्होंने कभी सोशल मीडिया पर नहीं किया। विवेक ने यह भी कहा कि वह महिला आयोग से मिलना चाहते हैं और अगर उनसे बात कर उन्हें लगता है कि उन्होंने वाकई में गलत किया है तो वह मांफी जरूर मागेंगे।
विवेक ओबेरॉय द्वारा शेयर की गई इस तस्वीर में तीन अलग-अलग तस्वीरों को जोड़ा गया था। जिनमें से पहली तस्वीर में ऐश्वर्या, सलमान खान के साथ नजर आ रही थी, दूसरे में वह विवेक ओबेरॉय संग और तीसरे में ऐश्वर्या, अभिषेक बच्चन और अपनी बेटी आराध्या संग दिख रही थी। इन तीनों तस्वीरों को एक्जिट पोल के नतीजों से जोड़ा गया था।







