सोनिया चुन सकेंगी दोनों सदनों का नेता, राहुल बोलें: पार्टी को और मजबूत करेंगे
नई दिल्ली, 02 जून 2019: संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी को शनिवार को एक बार फिर से कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुना गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए ‘कई निर्णायक’ कदमों पर विचार चल रहा है। इससे पहले भी सोनिया यह भूमिका निभा रही थीं।
ख़बरों के अनुसार संसद के केंद्रीय कक्ष में हुई कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया को नेता चुना गया। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उन्हें नेता चुने जाने का प्रस्ताव रखा और सभी सदस्यों ने उसका अनुमोदन किया।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी के संविधान के मुताबिक संसदीय दल का नेता लोकसभा और राज्यसभा में पार्टी के नेताओं का चुनाव करता है। ऐसे में सोनिया गांधी ही दोनों सदनों में नेताओं के नाम पर फैसला करेंगी। संसदीय दल की बैठक में सोनिया ने कहा, ‘मैं अपने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करना चाहती हूं, जिन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी की शत्रुता का सामना किया। यह उनकी मेहनत और धैर्य का परिणाम है कि देश के 12.3 करोड़ लोगों ने कांग्रेस में अपना विास प्रकट किया।’
उन्होंने कहा, ‘मैं इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का धन्यवाद करना चाहती हूं, जिन्होंने पूरी मेहनत से प्रचार अभियान चलाया। कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने पार्टी के लिए दिन-रात एक कर दिया।’’ चुनावी हार और राहुल गांधी के इस्तीफे की पेशकश के बाद पैदा हुए हालात का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘संकट के इस समय में हमें यह स्वीकारना होगा कि कांग्रेस पार्टी के सामने कई चुनौतियां हैं।
कांग्रेस कार्यसमिति की कुछ दिनों पहले बैठक हुई थी, जिसमें आगे के कदमों और आगे बढ़ने के संदर्भ में र्चचा की गई। पार्टी को मजबूत करने के लिए कई निर्णायक कदमों पर र्चचा हो रही है।’
कांग्रेस विपक्ष के नेता पद के लिए नहीं करेगी दावा:
कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि जरूरी 54 लोकसभा सीटों से दो सीटें कम होने के कारण वह लोकसभा में विपक्ष के नेता पद के लिए दावा नहीं करेगी। नियमानुसार विपक्ष का नेता बनाने के लिए किसी पार्टी के पास लोकसभा की कुल 545 सीटों की 10 प्रतिशत सीटें होनी चाहिए। लेकिन कांग्रेस के पास सिर्फ 52 सीटें हैं। यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस आशय की जानकारी दी।
राहुल बोलें: पार्टी को और मजबूत करेंगे:
कांग्रेस संसदीय दल की नेता चुने जाने पर सोनिया गांधी जी को बधाई। उनके नेतृत्व में कांग्रेस एक मजबूत और प्रभावी विपक्षी पार्टी साबित होगी, जो भारत के संविधान की रक्षा के लिए लड़ेगी।
– राहुल गांधी, अध्यक्ष, कांग्रेस







