सरदार पटेल जयंती पर मंत्री ए.के. शर्मा ने किया लोकार्पण-शिलान्यास, पूर्व सैनिकों का सम्मान और आवास लाभार्थियों को दी दूसरी किस्त
मऊ, 31 अक्टूबर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ को करीब 48 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। अमिला मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने नगर पंचायत अमिला, दोहरीघाट और जिला नगरीय विकास अभिकरण की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व सैनिकों को सम्मानित करने के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 10 लाभार्थियों को मकान निर्माण की दूसरी किस्त भी वितरित की गई।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में जो काम पूरे हो चुके हैं, वे भले ही याद न हों, लेकिन जो समस्याएं अभी बाकी हैं, वे उन्हें एक-एक करके याद हैं। उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने थानीदास रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास की जरूरत का जिक्र करते हुए कहा कि यहां से गुजरने वाले बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए यह जरूरी है। इस संबंध में संबंधित स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। बहादुरपुर समेत कई गांवों में सड़क और रेलवे की जमीन से जुड़ी पुरानी समस्याओं के समाधान के प्रयासों की भी जानकारी दी।
सरदार पटेल को याद करते हुए ए.के. शर्मा ने कहा कि उन्होंने देश की रियासतों को एकजुट कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निर्माण के जरिए उनके योगदान को वैश्विक पहचान दिलाई। इस परियोजना में सहयोगी के रूप में काम करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और मऊ को विकास का मॉडल बनाने के संकल्प को दोहराया।







