- गर्मी से से बिलबिलाये लोग, सुबह हल्की बारिश से उमस बढ़ी, पारा 48 के पार
- मिलेगी आंधी पानी से राहत
लखनऊ, 02 जून 2019: लगातार भीषण गर्मी से लोग पूरी तरह से बिलबिला गये हैं ऊपर से बिजली की आवाजाही ने भी लोगों को परेशान कर दिया है। फिलहाल आज हुयी सुबह हल्की बारिश ने थोड़ी राहत जरूर दी लेकिन दिन चढ़ते ही उमस और बढ़ गयी। मौसम विभाग के अनुसार एक दो दिन में आंधी पानी आने से इस भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
गर्मी से हाहाकार:
ख़बरों के अनुसार राजस्थान के चुरू में शनिवार को तापमान 50 डिग्री, उत्तर प्रदेश के बांदा में 48, हरियाणा के नारनौल में 47 डिग्री और दिल्ली में 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। लू के प्रकोप को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ भागों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

लू से चार की मौत:
शनिवार को महोबा में पारा 46 डिग्री के पार पहुंच गया। यहां हीट स्ट्रोक की चपेट में आकर छह दिन के मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गयी। जिले के टपनियन श्रीनगर गांववासी रामकुंवर पत्नी प्रीतम के छह दिन के मासूम की हीट स्ट्रोक से तबीयत बिगड़ने पर इलाज के लिए ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी तरह प्रेम नगर निवासी प्रतीक्षा(पांच) पुत्री अनिल, आकाश (25) पुत्र हरदयाल, व झुंडा (70) पुत्र राम सहाय निवासी महोबकंठ भी हीट स्ट्रोक की चपेट में आ गये। तीनों की भी इलाज के दौरान मौत हो गयी।
लू चलने का सिलसिला जारी:
राष्ट्रीय राजधानी में लू चलने का सिलसिला शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आद्र्रता के स्तर में इजाफा होने से दिनभर लोग पसीने से तरबतर रहे। प्रचंड गर्मी ने यहां आज भी पिछले साल का रिकार्ड तोड़ दिया। दिल्ली में आज सबसे ज्यादा तापमान आयानगर में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के अलावा आईएमडी के चार रंग-कोड के चेतावनियों में सबसे गंभीर ‘‘रेड’ अलर्ट पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान व उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए जारी किया गया है।
पंजाब और हरियाणा में आज चिलचिलाती गर्मी के बीच हरियाणा के नारनौल में पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हिसार में तापमान सामान्य से तीन डिग्री चढ़कर 45.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। राज्य के अंबाला और करनाल में पारा क्रमश: 41.6 एवं 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर और लुधियाना में तापमान क्रमश: 45.7 और 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया चंडीगढ़ में तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ।







