उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमचन्द अग्रवाल एवं उच्चशिक्षा मंत्री श्री धान सिंह रावत ने दिया अवार्ड
लखनऊ,13 अगस्त 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल के संस्थापक डा. जगदीश गाँधी को शिक्षा के क्षेत्र में एवं विश्व एकता व विश्व शान्ति के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान हेतु ‘लाइफ टाइम एचीवमेन्ट अवार्ड’ से नवाजा गया है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के होटल सरोवर प्रीमियर में आयोजित ‘एजूकेशन एक्सीलेन्स अवार्ड सेरेमनी’ में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमचन्द अग्रवाल एवं उच्चशिक्षा मंत्री श्री धान सिंह रावत ने डा. गाँधी को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता व अन्य क्षेत्रों की तमाम ख्यातिप्राप्त हस्तियाँ उपस्थित थी।
समारोह में बोलते हुए डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि मेरा जीवन बच्चों एवं विश्व एकता के लिए समर्पित है। यह सम्मान बच्चों को ‘क्वालिटी एजूकेशन’ प्रदान करने और उन्हें समाज को एक आदर्श नागरिक बनाने और भावी पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य का अधिकार दिलाने के प्रयासों को और गति प्रदान करेगा।
सीएमएस के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि श्री गाँधी को शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु देश में एवं विदेशों में अनेकानेक पुरस्कारों, सम्मानों एव उपाधियों से नवाजा जा चुका है।






