मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने शिक्षकों को किया सम्मानित
लखनऊ, 6 सितम्बर 2019: शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में ‘शिक्षक दिवस समारोह’ का शानदार आयोजन आज गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) शाखा आॅडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि रमेश पोखरियाल, मानव संसाधन विकास मंत्री द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्र्यापण से हुआ जबकि डा. महेन्द्र सिंह, कैबिनेट मंत्री, जल शक्ति विभाग, उ.प्र., बृजेश पाठक, न्याय मंत्री, उ.प्र., रमापति शास्त्री, समाज कल्याण मंत्री, उ.प्र., सतीश द्विवेदी, राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), बेसिक एजूकेशन, उ.प्र., डा. अशोक वाजपेयी, सांसद, राजन शुक्ला, आई.ए.एस., डा. रोजर डेविड किंगडन, शिक्षाविद्, इंग्लैण्ड आदि कई प्रख्यात हस्तियों ने विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारकर समारोह की गरिमा को बढ़ाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रमेश पोखरियाल एवं विशिष्ट अतिथियों ने सीएमएस शिक्षकों को उनकी अतुलनीय सेवाओं के लिए नगद पुरस्कारों व उपहारों से सम्मानित किया। कुल मिलाकर, सभी शिक्षकों व कार्यकर्ताओं को डेढ़ करोड़ रूपये के नगद पुरस्कारों व उपहारों से पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया।

समारोह में संस्थापक डा. जगदीश गाँधी एवं डा. (श्रीमती) भारती गाँधी ने विद्यालय के विद्वान एवं कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। इससे पहले, सी.एम.एस. के क्वालिटी अश्योरेन्स एवं इनोवेशन डिपार्टमेन्ट की हेड एवं सुपीरियर प्रिन्सिपल सुश्री सुस्मिता बासु ने मुख्य अतिथि समेत अन्य गणमान्य अतिथियों एवं शिक्षकों का हार्दिक स्वागत-अभिनन्दन किया।
इस अवसर पर शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि रमेश पोखरियाल ने कहा कि विचारों को प्रतिपादित करना और उन्हें जमीन पर उतारना बड़ी बात है और यही कार्य यहां के शिक्षक कर रहे हैं। मैं बड़ी प्रसन्नता से कहना चाहता हूँ कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित है।
इस अवसर पर डा. जगदीश गाँधी ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज सीएमएस जिस मुकाम पर खड़ा है, निःसंदेह उसका श्रेय आप सभी शिक्षकों व प्रधानाचार्याओं को जाता है।






