राजस्थान में इन दिनों विदेशी कॉलगर्ल्स के मामले सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले कोटा में छह विदेशी युवतियां पकड़ी गई थीं। अब भीलवाडा में फिर तीन विदेशी युवतियां देह व्यापार में लिप्त पाई गई हैं। दोनों शहरों में पकड़ी गई युवतियां थाईलैंड की हैं और स्पा की आड़ में देह व्यापार से जुड़ी थीं।राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के कोतवाली थाना इलाके में एक स्पा करीब सवा साल से चल रहा था। पुलिस को यहां अनैतिक गतिविधियां होने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने यहां बोगस ग्राहक भेजकर तस्दीक कराई और छापा मारा। इस दौरान यहां थाईलैंड की तीन और मिजोरम की एक युवती मिली। इनके साथ ही यहां पर एक अन्य स्थानीय युवती और स्पा सेंटर के मैनेजर को भी गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि भीलवाड़ा में विदेशी युवतियों से देह व्यापार करवाने का यह पहला मामला सामने आया है। यह कार्रवाई पुलिस की विशेष टीम ने की और इस मामले की जानकारी स्थानीय थाने को भी नहीं दी गई। पुलिस ने आरोपी विदेशी युवतियों के पासपोर्ट, वीजा आदि जब्त कर लिए हैं। स्पा का संचालक रतलाम का रहने वाला राजेश मोटयानी बताया जा रहा है।
उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। पुलिस के अनुसार विदेशी युवतियों को यहां प्रतिमाह 25 हजार रुपए वेतन दिया जा रहा था। गौरतलब है कि इससे पहले कोटा में भी एक स्पा पर मारे गए छापे में थाईलैंड की छह युवतियां पकड़ में आई थीं। इनमें से एक युवती तो एचआईवी पॉजिटिव थी।






