लखनऊ, 04 नवम्बर 2019: राजधानी लखनऊ में अब 150 व्यावसायिक वाहनों को रोजाना टाइम स्लॉट दिए जाएंगे। इसके साथ ही व्यावसायिक वाहनों के फिटनेस के लिए अब टोकन नम्बर भी लेना पड़ेगा।
एआरटीओ प्रशासन संजय तिवारी ने सोमवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि लखनऊ में अब 150 व्यावसायिक वाहनों को रोजाना टाइम स्लॉट दिए जाएंगे। इसमें 90 भारी और 60 हल्के व्यावसायिक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि व्यावसायिक वाहनों को टोकन सुबह साढ़े नौ बजे से बांटने का काम शुरू कर दिया गया है। एक बार व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस फीस जमा करने पर दो बार मशीन से फिटनेस फ्री में कराने का मौका मिलेगा। इसके लिए वाहन मालिकों को तीस दिन के भीतर वाहनों में जो भी खामियां हैं उसे दूर करानी होंगी। ऐसे में तीस दिन की समय अवधि खत्म होने पर दोबारा फिटनेस फीस देनी पड़ेगी।
दरअसल, लखनऊ के ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ कार्यालय के फिटनेस ग्राउंड पर आए दिन वाहन मालिक अपने नम्बर को लेकर भिड़ रहे थे। इससे वाहनों की फिटनेस में देरी हो रही थी। इस समस्या के निजात के लिए अब टोकन व्यवस्था लागू कर दी गई है।







