धोनी को वनडे और टी20 टीम जबकि विराट कोहली को टेस्ट टीम का बनाया कैप्टन
नई दिल्ली, 02 जनवरी, 2020: क्रिकेट की सबसे चर्चित वेबसाइट्स में शुमार क्रिकइंफो ने दशक की बेस्ट टी20 इंटरनेशनल, वनडे इंटरनेशनल और टेस्ट टीम चुनी है। इसके अलावा महिलाओं की भी दशक की बेस्ट टी20 इंटरनेशनल और वनडे इंटरनेशनल टीम की घोषणा की है। दशक की बेस्ट टी20 और वनडे टीम की कमान महेंद्र सिंह धोनी को सौंपी गई है, जबकि दशक की बेस्ट टेस्ट टीम की कप्तानी विराट कोहली को दी गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वेबसाइट ने अपनी टेस्ट टीम में भारत के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को भी जगह दी है। बीते दशक में कोहली ने 54.97 की औसत से 7,202 रन बनाए हैं, जबकि अश्विन ने 25.36 की औसत से 362 विकेट लिए हैं। वनडे टीम में धोनी के अलावा कोहली और रोहित शर्मा को भी टीम में जगह मिली है। टी-20 में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, कोहली
और धोनी के बाद तीसरे भारतीय हैं। इस टीम में दो बार की टी-20 विश्व कप विजेता वेस्टइंडीज के पांच खिलाड़ी हैं। इनमें क्रिस गेल, ड्वेन ब्रावो, सुनील नरेन, कीरन पोलार्ड, आंद्रे रसेल के नाम शामिल हैं। वहीं वेबसाइट ने महिला टीमों का भी ऐलान किया है, जिसमें भारत की मिताली राज और झूलन गोस्वामी को वनडे और टी-20 में जगह मिली है। ऑस्ट्रेलिया के मेग लेनिंग को दोनों टीमों की कप्तान चुना गया है।







