चीन में महामारी बन चुके कोरोना वायरस से 150 और लोगों की मौत होने के बाद इस घातक वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़ कर सोमवार को 2,592 हो गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि 150 में से 149 लोगों की मौत हुबेई प्रांत में हुई है, जहां इस वायरस का सबसे अधिक प्रकोप है। आयोग ने 409 नए मामलों के सामने आने की पुष्टि भी की, जिनमें से अधिकतर हबेई प्रांत में हैं। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रमुख क्रिस्टालीना जॉर्जीवा ने रविवार (23 फरवरी) को कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार की गति जोखिम में पड़ सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने जी20 देशों के वित्तमंत्रियों तथा केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों की यहां चल रही बैठक के दूसरे दिन रविवार को कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में पिछले साल 2.9 प्रतिशत की दर से वृद्धि हुई। इस साल इस दर के सुधरकर 3.3 प्रतिशत हो जाने का अनुमान था। उन्होंने कहा, वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर में अनुमानित सुधार अब और नाजुक है।
जॉर्जीवा ने कहा, कोविङ-19 (कोरोना वायरस), जो कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के लिये एक वैश्विक आपातकाल है, के कारण चीन में आर्थिक गतिविधियां बाधित हुई हैं और इसके कारण वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर में सुधार की राह में जोखिम उत्पन्न हो सकता है।
उन्होंने कहा, मैंने जी-20 को बताया है कि यदि कोरोना वायरस के संक्रमण पर तेजी से काबू पा लिया जाता है, तब भी चीन की और शेष विश्व की आर्थिक वृद्धि दर पर इसका असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस वायरस के संक्रमण के कारण वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर में 0.1 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है। इसके कारण चीन की आर्थिक वृद्धि दर इस साल 5.6 प्रतिशत पर सिमट सकती है। जॉर्जीवा ने इस वायरस के संक्रमण पर काबू पाने के लिये जी-20 के सदस्य देशों से आपस में तालमेल का आह्वान किया।
भारत : कोरोना के डर से दो हफ्ते में 2770 रुपये चढ गया सोना:
कोरोना वायरस के डर से जहां सोने ने लगातार पांचवें दिन नया रिकॉर्ड बना वहीं पिछले दो हफ्ते में सोना 2770 रुपये चढ़कर एक और नया इतिहास बना चुका है। सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना देश के इतिहास में पहली बार 45000 हजार रुपये के करीब पहुंचता दिख रहा है। सोमवार को सोना 620 रुपये चमककर 44,640 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। अब वह 45 हजारी बनने से चंद पायदान नीचे है।







