33वीं अखिल भारतीय डाक फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए प्रथम मैच में केरल ने 4-0 के स्कोर से दिल्ली पर विजय हासिल कर सेमी-फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे मैच में कर्नाटक ने उत्तर प्रदेश को 3-0 से शिकस्त देते हुए सेमी फाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया। केरल की ओर से आजाद ने 11वें मिनट में पहला गोल किया जिसके बाद सनीश ने 29वें मिनट में दूसरा गोल दागा। विन्सेंट ने 33वें और 37वें मिनट में लगातार दो गोल कर दिल्ली की टीम पर दबाव बनाकर जीत पक्की कर ली।
दिन के दूसरे मैच में उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को अच्छी टक्कर दी। कर्नाटक की ओर से स्टीव ने 26वें, 53वें मिनट में और वेस्ले ने 61वें मिनट में गोल किया। दोनों विजयी टीमें कल सेमी-फाइनल में भिड़ेंगी।
27 फरवरी को होंगे यह मुकाबले:
पहला सेमी फाइनल मैच पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के बीच होगा
और दूसरा सेमी फाइनल मैच केरल और कर्नाटक के बीच होगा।







