लखनऊ, 15 मार्च, 2020: डीएससी इलेवन ने लाइफ केयर विंटर चैलेंज टी20 कारपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को मैन ऑफ़ द मैच जमाल काजिम (नाबाद 65) के अर्धशतक से हिमालयन को सात विकेट से हराया। चौक स्टेडियम पर हिमालयन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 113 रन बनाए। आमिर खान (42) व आदिल खान (25) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। डीएससी इलेवन से मो.सैफ व संजय यादव ने दो-दो विकेट चटकाए।
जवाब में डीएसी इलवेन ने जमाल काजिम के 58 गेंदों पर 6 चौकों व दो छक्के से बनाए नाबाद 65 रन, सैफ अहसन के नाबाद 20 व सन्नी मेहरोत्रा के 14 रन से 17.2 ओवर में तीन विकेट गंवाते हुए जीत के लिए आवश्यक 116 रन बना लिए।
चौक स्टेडियम पर ही दूसरे मैच में केएन इंफ्रा ने क्रिकेट बडीज को 29 रन से मात दी। केएन इंफ्रा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 113 रन बनाए। क्रिकेट बडीज से कपिल शर्मा, अमिताभ पाठक, अविनाश श्रीवास्तव ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में क्रिकेट बडीज की टीम 17.5 ओवर में 84 रन ही बना सकी। केएन इंफ्रा से शुजात सिद्दीकी ने तीन, जितेंद्र पटेल व अभिषेक यादव ने दो-दो विकेट चटकाए।







