- 10 लाख पूजी से नवम्बर 2019 में बनी प्राइवेट कंपनी इंटेलीस्मार्ट इंफ्रास्टक्टर प्राइवेट लिमिटेड 75 हजार करोड़ का ठेका हथियाने की साजिश
- स्मार्ट मीटर जंपिंग की आज तक जाँच रिपोर्ट क्यों नहीं आयी?
लखनऊ, 10 अगस्त, 2020: उपभोक्ता परिषद ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि पूरे देश में 25 करोड़ स्मार्ट मीटर लगाने के ठेके पर कब्जा करने की बड़ी साजिश चल रही है। उपभोक्ता परिषद ने कहा कि 13 नवम्बर 2019 दिल्ली में 10 लाख पूजी से एक प्राइवेट कम्पनी इंटेली स्मार्ट इंफ्रास्टक्टर प्राइवेट लिमटेड का गठन होता है और कंपनी का टाइप प्राइवेट दर्ज होता है और उसमे 5 पूर्णकालिक डायरेक्टर बनते हैं जिसमें भारत सरकार ऊर्जा मंत्रालय के अधीन एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लि0 ( ईईएसएल ) के प्रबंध निदेशक श्री सौरभ कुमार भी एक डायरेक्टर है और ईईएसएल कंपनी के एक दूसरे निदेशक वेंकेटेश दिवेदी भी इस प्राइवेट कंपनी में निदेशक है। उपभोक्ता परिषद ने कहा कि जब हमने और गहराई से इसकी छानबीन की तो पता चला अब यह प्राइवेट कंपनी ईईएसएल की जॉइंट वेंचर कंपनी बन गयी है और आने वाले समय में इंटेली स्मार्ट इंफ्रास्टक्टर कंपनी ही देश में 25 करोड़ स्मार्ट मीटर लगवायेगी।
उपभोक्ता परिषद ने सवाल उठाते हुए कहा कि मतलब लगभग 75 हजार करोड़ का काम पा सकती है । ये कैसा गोलमाल है। उन्होंने कहा कि इसकी सीबीआई जाँच होना बहुत जरूरी है यह वही एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लि. (ईईएसएल) कंपनी है जो प्रदेश में करोड़ो का काम लेकर स्मार्ट मीटर लगवा रही है विगत दिनों चाइना की मीटर कंपनी को भी आर्डर दे दिया था वह दिन दूर नहीं जब पूरे प्रदेश का स्मार्ट मीटर प्रोजेक्ट अधर में पड़ सकता है ।
इस मामले पर उप्र राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष व राज्य सलाहकार समिति के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने कहा ने कहा सबसे बड़ा सवाल यह है कि भारत सरकार के अधीन एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लि. ( ईईएसएल ) के प्रबंध निदेशक श्री सौरभ कुमार कैसे प्राइवेट कंपनी के निदेशक हो सकते है ? क्या ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार की हरी झंडी है और ऐसी क्या मजबूरी की एक 10 लाख की प्राइवेट कंपनी में जाने के लिए सभी परेशान है कही न कही बहुत बड़ा गोलमाल है, सबको पता है उत्तर प्रदेश में ईईएसएल पुरानी तकनीकि के स्मार्ट मीटर लगवा रही है स्मार्ट मीटर जंपिंग की आज तक जाँच रिपोर्ट सामने नहीं आयी प्रदेश में स्मार्ट मीटर का क्या हल होगा भगवान ही मालिक है ।







