पिता द्वारा मिला सोने का चम्मच लेकर चलने वाले अखिलेश यादव ने जब पिता को नकार दिया तो जनता ने उन्हें नकार दिया। अब वे भाजपा के सुशासन को देखकर बौखला गये हैं और घर में बैठकर उल-जुलूल के आरोप लगाते रहते हैं। उन्हें जनता में जाने की फुर्सत नहीं है। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता फिर उनको जवाब देगी। ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रभूषण पांडेय ने रविवार को कही।
वे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा शनिवार को दिये गये वक्तव्य “उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री ने अपनी आंखे मूंद ली है और कानून व्यवस्था को भी भगवान भरोसे छोड़ दिया है। हालात बताते हैं कि पुलिस अपराधियों के हौसले बढ़ा ज्यादा रही है, तोड़ बहुत कम रही है।” का जवाब दे रहे थे।

चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि देश की जनता अखिलेश यादव को विधानसभा के बाद लोक सभा चुनाव में भी नकार चुकी है। वे हर चुनाव में नया-नया गठबंधन का प्रयोग करते रहते हैं। जनता यह जान चुकी है कि अखिलेश यादव के लिए सिद्धांत नाम की कोई चीज नहीं है। किसी भी स्थिति में उनको सत्ता चाहिए।
चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि जो व्यक्ति अपने पिता का नहीं हुआ, अपने चाचा को बाहर का रास्ता दिखा दिया। भला वह जनता का कैसे हो सकता है। यह बात तो आमजन जानता है। आने वाले विधान सभा चुनाव में जीत सपा की स्थिति भी प्रदेश में वही होने वाली है, जो वर्तमान में कांग्रेस की है।







