कांग्रेस की गाय बचाओ-किसान बचाओ पदयात्रा आज ललितपुर में हुई शुरू
लखनऊ 26 दिसम्बर 2020: कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने आज ट्वीट करके कहा कि -उप्र कांग्रेस के प्रिय सिपाहियों, आप खेती किसानी की दुर्दशा उजागर करने और गौवंश के साथ हो रहे अनाचार का पर्दाफाश करने के लिए पदयात्रा निकाल रहे हैं। आप ‘गाय-बचाओ-किसान-बचाओ का नारा बुलंद कर रहे हैं। दुनिया की कोई भी शक्ति आपको किसान हित का सवाल उठाने से रोक नहीं सकती।
कांग्रेस पार्टी द्वारा पूर्व घोषित गाय बचाओ-किसान बचाओ पदयात्रा आज ललितपुर से शुरू हुई। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित पुलिस की नाकेबंदी को धता बताकर कई कांग्रेस नेता ललितपुर पहुंचे। ललितपुर से चित्रकूट तक जाने वाली पदयात्रा बुंदेलखंड के हर जिले से होते हुए गुजरेगी।
पदयात्रा में राष्ट्रीय सचिव श्री रोहित चौधरी, बाजीराव खाड़े, पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, प्रदेश महासचिव राहुल राय, किसान कांग्रेस अध्यक्ष शिवनारायण परिहार समेत कई वरिष्ठ नेता एवं सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।
गाय की अस्थियां घड़े में लेकर अजय कुमार लल्लू पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। पूर्व घोषित कार्यक्रम के बावजूद प्रदेश की योगी सरकार के इशारे पर पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। देर सायं तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित सैंकड़ों कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता पुलिस की हिरासत में हैं।







