हरिद्वार की ज्वालापुर सीट से भाजपा विधायक सुरेश राठौर पर पार्टी की ही महिला नेता ने रेप का आरोप लगाया है। महिला नेता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला नेता ने अपनी शिकायत में कहा है कि विधायक ने कुछ माह पहले उसके साथ बलात्कार किया। उस समय रेप का मामला दर्ज नहीं कराने के पीछे विधायक की तरफ से मिली धमकी को बताया गया है। विधायक ने महिला को आग लगाकर मार डालने की धमकी दी थी। मामले की जांच हो रही है।
सुरेश राठौर को संत रविदास संप्रदाय के अनुयायियों के बीच रविदासाचार्य के रूप में जाना जाता है। वह धार्मिक उपदेश भी देते हैं। महाकुंभ के दौरान उन्होंनें अनुसूचित जातियों के लोगों संग एक धार्मिक जुलूस भी निकाला था। महाकुंभ मेले के दौरान उन्हें श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े का महामंडलेश्वर बनने की भी घोषणा हुई थी। लेकिन कड़े विरोध के कारण अखाड़ा बाद में पीछे हट गया था। कहा गया कि उनका विवाह हुआ है और परिवार भी है। इस कारण वे महामंडलेश्वर नहीं बन सकते है। महिला पर भी विधायक ने मई में केस दर्ज कराया था। 26 मई को विधायक सुरेश राठौर ने महिला के साथ ही उनके पति और तीन अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ मीडियाकर्मियों के साथ मिलकर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। अश्लील वीडियो को वायरल करने की बात कहकर 30 लाख रुपये की मांगे जा रहे है। महिला ने रुपये नहीं देने पर बलात्कार का आरोप लगाने की धमकी दी है। तब पुलिस ने महिला और उसके पति सहित सभी पांच लोगों को जाल बिछाकर रुपये देने के लिए बुलाकर गिरफ्तार कर लिया था। बाद में महिला नेता ने यह आरोप लगाकर अदालत का दरवाजा खटखटाया कि राठौर ने उनके साथ बलात्कार किया। उन्होंने पुलिस को गुमराह किया और विधायक के रूप में अपने दबदबे के कारण खुलेआम घूम रहे हैं।







