केडी सिंह बाबू स्टेडियम में प्रदेशीय जूनियर बालक व बालिका जूडो प्रतियोगिता में 17 मंडलों के खिलाड़ियों ने लिया भाग
लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में समन्वय प्रदेशीय जूनियर बालक व बालिका जूडो प्रतियोगिता में 17 मंडलों के 275 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। सोमवार को हुई इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग में सौ किग्रा वजन में प्रथम स्थान मुरादाबाद के विधान कुमार, वहीं 100 में मुराबाद के ही रोहन विश्नोई अव्वल रहे। बालिका वर्ग में कानपुर की सारिका, मेरठ की आकांक्षा व सहारनपुर की भूमिका जैन अव्वल रहीं।
सोमवार को बालक वर्ग में 100 किग्रा वर्ग में प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें मुरादाबाद के विधान कुमार अव्वल रहे। जबकि वाराणसी के हर्षित सिंह दूसरे व कानपुर के कृष्णा शुक्ला तीसरे स्थान पर रहे। वहीं 100 किग्रा वर्ग में मुरादाबाद के रोहन विश्नोई अव्वल रहे, जबकि लखनऊ के सुशांत राय दूसरे स्थान पर व मेरठ के यमन व आगरा के राहुल तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं बालिका वर्ग में 70 किग्रा वर्ग में कानपुर की सारिका को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। मेरठ की कृति शर्मा को द्वितीय स्थान मिला। वहीं वाराणसी की कलिका सरोज व अंकिता ने बराबर-बराबर अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। 78 किग्रा वर्ग में मेरठ की आकांक्षा चौधरी अव्वल रहीं।
वहीं मुरादाबाद की पुष्पांजली सिंह दूसरे स्थान पर और कानपुर की अशप्रीत कौर व प्रयागराज की शुभांजली सिंह संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही। 78 किग्रा भार वर्ग में सहारनपुर की भूमिका जैन, दूसरे स्थान पर गार्गी शर्मा रहे। वहीं तीसरे स्थान पर अयोध्या की जानवी व श्रेया विश्वकर्मा संयुक्त रूप से रहीं। यह मैच अभी मंगलवार को भी होगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन महेश कुमार गुप्ता, आईएएस ने किया।
इस समारोह में विशिष्ट अतिथि आर.पी. सिंह, निदेशक खेल, मुकेश कुमार मेश्राम, अध्यक्ष इण्डियन बलाइंड एण्ड पैरा जूडो एसोसिएशन, सुधीर हलवासिया, अध्यक्ष, यूपी जूडो एसोसिएशन, मुनव्वर अंज़ार, सीईओ, यूपी जूडो एसोसिशन, उमेश कुमार सिंह, दीपक गुप्ता, राजेन्द्र शर्मा व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।







