कांग्रेस का भर्ती विधान जारी, प्रतियोगी परीक्षाओं का शुल्क होगा माफ़ और परीक्षा केंद्रों तक यात्रा होगी मुफ्त
लखनऊ 23, जनवरी 2022: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी ने आज यूपी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए युवाओं का घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस के दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में ‘‘भर्ती विधान’’ शीर्षक से जारी इस घोषणा पत्र में युवाओं से तमाम महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं। इनमें सरकार बनने पर 20 लाख रोजगार देने से लेकर छात्रसंघ बहाली तक के वादे शामिल हैं।
युवाओं के लिए अपनी योजनाओं पर बात करते हुए श्रीमती गाँधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यायों और कॉलेजों में छात्रसंघ की बहाली की जाएगी। साथ ही भर्ती प्रक्रिया में नौजवानों का जो भरोसा टूटा है, उसे बहाल करने के लिए एक जॉब कैलेंडर बनाया जाएगा, जिसमें भर्ती विज्ञापन, परीक्षा, नियुक्ति की तारीखें दर्ज होंगी और इसका उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यूपी के युवाओं के भविष्य के लिए कांग्रेस के पास सिर्फ खोखले शब्द नहीं, बल्कि एक पूरी योजना है कि हम किस तरह से नौजवानों को रोजगार दिलाएंगे। उन्होंने कहा यह घोषणापत्र बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने यूपी के युवाओं से बात की है और उनकी आकाक्षांओं को इसमें शामिल किया है।
राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत यह है कि लाखों नौजवानों ने मोदी की नीतियों की वजह से अपने रोजगार गवां दिए हैं। भाजपा का मकसद इस देश में एकाधिकार लाने का है, जहां सारे छोटे व्यवसायों की कमर तोड़कर देश का सारा धन चार-छः पूंजीपतियों के हाथ में दे दिया जाए। कांग्रेस पार्टी यह नहीं होने देगी। छोटे छोटे व्यवसाय यूपी की शक्ति हैं, जो बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करते हैं, हम उन्हें पुनर्जीवित करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने रोजगार खोया है, उसका कारण है नोटबंदी, गलत जीएसटी और कोरोना लॉकडाउन। कांग्रेस ऐसे काम कभी नहीं कर सकती। उप्र अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष में केंद्रीय भूमिका में था। आज देश प्रदेश के युवाओं को एक नये विजन की जरूरत है। यह कांग्रेस ही दे सकती है।
पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता श्रीमती आराधना मिश्र मोना और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल मौजूद रहे, पत्रकार वार्ता का संचालन कांग्रेस मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन रणदीप सुरजेवाला ने किया।







