पेश की इंसानियत और एकता की मिसाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक व्यक्ति अपरिचित लड़की की जान बचाने के लिए चलती ट्रेन के नीचे कूद गया। लड़की की जान बचाने वाले का नाम मोहम्मद महबूब है और वे पेशे से कारपेंटर हैं। सोशल मीडिया पर महबूब की वीरता के खूब चर्चे हो रहे हैं।

दरअसल, बीते 5 फरवरी को भोपाल के बरखेड़ी फाटक पर एक मालगाड़ी आकर रुकी थी। ज्यादा देर होने के कारण लोग मालगाड़ी के नीचे से गुजरने लगे। मालगाड़ी के नीचे से जब एक लड़की गुजर रही थी तभी मालगाड़ी चलने लगी। लड़की मदद के लिए चीखने लगी। वहां मौजूद लोग जबतक कुछ समझ पाते एक युवक ट्रेन के गैप में कूद गया।
ट्रेन अभी धीरे-धीरे ही बढ़ रही थी और युवक अपनी सूझबूझ से लड़की को लेकर सीधा लेट गया। युवक ने अपने हाथ से लड़की के सर को दबाए रखा और उपर से एक-एक कर मालगाड़ी के सभी डब्बे गुजर गए। इस तरह दोनों सही सलामत बच गए। वहां मौजूद किसी लड़के ने इस घटना का वीडियो बना लिया जो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
लड़की का नाम स्नेहा गौर है। मेहबूब बहुत कम पढ़े लिखे हैं। उनकी तीन साल की बेटी है। उनके पास मोबाइल भी नहीं है। उन्हें यह नहीं पता कि सोशल मीडिया में वे छाए हैं।







