- रामास्वामी जी के योगदान को संघर्ष समिति ने सराहा और कहा उनके बताये हुए रास्ते पर चलकर हम समाज को बना सकते हैं एकजुट और मजबूत।
- संघर्ष समिति का ऐलान 24 सितम्बर ‘‘पूना पैक्ट दिवस‘‘ पर लखनऊ में होगा ‘‘विशाल दलित पिछड़ा आरक्षण बचाओ महासम्मेलन‘‘।
- चैक स्थित नेहरू युवा केन्द्र सभागार में प्रदेश के सभी जिलों के आरक्षण समर्थक प्रतिनिधि लेंगे भाग।
लखनऊ 17 सितम्बर। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र संयोजक मण्डल द्वारा आज पेरियार ईवी रामास्वामी नायकर की 138वीं जयन्ती पूरे प्रदेश में धूम-धाम से मनायी गयी, उसी क्रम में लखनऊ में भी संयोजक मण्डल ने पेरियार रामास्वामी नायकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। संघर्ष समिति के नेताओं ने पुष्प अर्पित करने के उपरान्त कहा कि पेरियार साहब ने समाज के दबे कुचले लोगों को मुख्य धारा में लाने के लिये अन्धविश्वास पर कुठाराघात करते हुए समाज को जागरूक करने के लिये अहम योगदान दिया है। हमारा समाज यदि उनके बताये हुए रास्ते पर चलेगा तो निश्चित तौर पर आने वाले समय में सशक्त व स्वाभिमानी होकर संघर्ष के रास्ते पर अग्रसर होगा।
संघर्ष समिति के नेताओं ने आज यह भी ऐलान किया कि 24 सितम्बर पूना पैक्ट दिवस के अवसर पर नेहरू युवा केन्द्र, चैक, लखनऊ सभागार में एक ‘‘विशाल दलित पिछड़ा महासम्मेलन‘‘ आयोजित कर रहा है, जिसमें संघर्ष समिति के सभी जिला प्रतिनिधियों को बुलाया गया है, जिसमें आगे के संघर्ष की रूप रेखा तय की जायेगी।
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति,उप्र के संयोजकों अवधेश कुमार वर्मा, केबी राम, डा. रामशब्द जैसवारा, आरपी केन, अनिल कुमार, अजय कुमार, श्याम लाल, अन्जनी कुमार, एसपी सिंह, लेखराम, प्रेम चन्द्र, बनी सिंह, कृपा शंकर, दिग्विजय सिंह, पीपी सिंह, पीएन प्रसाद, अशोक सोनकर, राम लाल, प्रतोष कुमार, रामेन्द्र कुमार, योगेन्द्र रावत, राजेश पासवान, सुनील कनौजिया ने पेरियार रामास्वामी जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला और 24 सितम्बर को होने वाले दलित पिछड़ा महासम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की और यह घोषणा किया कि सभी जनपदों में 24 सितम्बर को सभी आरक्षण समर्थक पूना पैक्ट दिवस को धूमधाम से मनायेंगे।







