नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष किया और कहा कि इस लोकसभा चुनाव में ‘कांग्रेस के साहबजादे’ केरल के वायनाड निर्वाचन क्षेत्र से हार जाएंगे और उन्हें उसके बाद किसी सुरक्षित सीट की तलाश करनी होगी।
विपक्षी के कुछ नेता लोकसभा छोड़कर राज्यसभा में चले गए क्योंकि उनमें चुनाव लड़ने का साहस नहीं है: नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा, ‘अमेठी से हार के बाद कांग्रेस के साहबजादे वायनाड से भी हारेंगे। उन्हें 26 अप्रैल के बाद किसी सुरक्षित सीट की तलाश करनी होगी।’

उन्होंने प्रत्यक्ष तौर पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के संदर्भ में कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के कुछ नेता लोकसभा छोड़कर राज्यसभा में चले गए क्योंकि उनमें चुनाव लड़ने का साहस नहीं है। मोदी ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल की खराब चीजों को सुधारने में दस साल लगाए । प्रधानमंत्री ने कहा, ‘बहुत काम किया जाना बाकी है। ‘
चंदे का धंधा’ पढ़ा रहे हैं प्रधानमंत्री : राहुल
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनावी बॉण्ड से जुड़े मुद्दे का हवाला देते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘भ्रष्टाचार का स्कूल’ चला रहे हैं। और ‘चंदे का धंधा’ समेत प्रत्येक अध्याय वह खुद विस्तार से पढ़ा रहे हैं।

उन्होंने पार्टी की ओर से जारी एक वीडियो विज्ञापन सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। इस विज्ञापन में चुनावी बॉण्ड के मुद्दे का उल्लेख किया गया है।
भ्रष्टाचार का स्कूल’ चला रहे हैं प्रधानमंत्री: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आरोप लगाया, नरेन्द्र मोदी देश में ‘भ्रष्टाचार का स्कूल’ चला रहे हैं जहां ‘एंटायर करप्शन साइंस विषय के तहत ‘चंदे का धंधा’ समेत प्रत्येक अध्याय वह खुद विस्तार से पढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छापा डालकर चंदे की वसूली कैसे होती है, चंदा लेकर ठेका कैसे बांटा जाता है, भ्रष्टाचारियों को शुद्ध करने वाली वाशिंग मशीन कैसे काम करती है, एजेंसियों को वसूली एजेंट बनाकर ‘बेल और जेल’ का खेल कैसे होता है, इनके बारे में पढ़ाया जा रहा है।







