सौतेली मां के दुर्व्यवहार से हिंसक बने साइको किलर ने पुलिस को दिखाया कि वह महिलाओं के साथ क्या-क्या करता था
लखनऊ, 11 अगस्त : यूपी के बरेली में 10 महिलाओं की हत्या क्षेत्र में फैली दहशत साइको किलर की गिरफ्तारी के साथ ही खत्म हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने महिलाओ की हत्या का खुलासा कर दिया। हालांकि खुलासे से पहले पुलिस साइको किलर को खेत पर ले गई। पुलिस ने साइको किलर को महिलाओं की डमी देकर हत्या की घटना का सीन री-क्रिएट कराया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सौतेली मां के दुर्व्यवहार से हिंसक बने साइको किलर ने पुलिस को दिखाया कि वह महिलाओं के साथ क्या-क्या करता था? डमी को पहले जमीन पर गिराया और उसके गले में उसी तरह से गांठ लगाकर फंदा कसा, जैसा कि महिलाओं के शव में मिला था। इसके बाद वह डमी के सीने पर बैठकर अश्लील हरकत करने लगा। एक खड़ी डमी के साथ भी उसने वैसा ही दुर्व्यहार किया, जिससे पुलिस को हत्या के बाद शव के साथ अश्लीलता करने की जानकारी मिली।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एसएसपी ने बताया कि कुलदीप को लेकर सभी छह घटनास्थल पर भी पहुंची। इस दौरान पैदल-पैदल ही वह पुलिसकर्मियों को घटनास्थल तक लेकर पहुंचा। वहां उसने पूरी जानकारी दी कि किस तरह उसने महिला की हत्या की। शव कहां डाला और कैसे वहां से भाग निकला। पुलिस ने इसका वीडियो साक्ष्य भी तैयार किया है, जिसे सबूत के तौर पर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
वारदात के बाद कुलदीप हर शव से कुछ न कुछ निशानी (पुलिस की भाषा में ट्रॉफी) चुरा ले जाता था। उसके पास से अनीता देवी का वोटर आईडी कार्ड, लाल लिपस्टिक व बिंदी, ब्लाउज का टुकड़ा, प्रेमवती का हसिया, धानवती का आधार कार्ड और महमूदन का हसिया बरामद हुआ है। इसके अलावा उसके कब्जे से बीड़ी – माचिस व 130 रुपये बरामद हुए हैं। कुंठित मानसिकता का कुलदीप महिलाओं को आकर्षित करने के लिए उनके प्रति आदर भाव दिखाता था लेकिन जो भी उसकी बात नहीं मानती थी, अकेला पाकर वह उसकी हत्या कर देता था। विरोध करने वाली महिला को वह अपनी सौतेली मां की तरह देखता था।
उसने उन महिलाओं को शिकार बनाया, जो खेत में अकेले काम कर रही थीं या फिर अकेले खेत की ओर से गुजर रही थीं। अकेली महिला को देखकर वह उसके पास जाकर बात करने लगता और शारीरिक संबंध बनाने की बात कहता था। विरोध करने पर वह दुपट्टे या उनकी साड़ी से ही गला घोंटकर हत्या कर देता था। हालांकि किसी भी महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि नहीं हुई थी।







