गोरखपुर, 20 सितम्बर : राज्य सूचना आयुक्त डॉ दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि प्रत्येक अधिकार के साथ कर्तव्य भी जुड़ा होता है। सूचना के अधिकार पर भी यह लागू होता है। इसलिए इस अधिकार का सदुपयोग ही होना चाहिए। जन सूचना अधिकारी ऐसे लोगों को चिन्हित करें जो इसका दुरुपयोग करते है। प्रारूप तीन के आवेदन संग्रहित करें। इससे कार्य आसान हो जायेगा।
राज्य सूचना आयुक्त आज गोरखपुर एनेक्सी भवन में जन सूचना के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गरीब और पीड़ित लोगों के आवेदनों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्हें यथा शीघ्र सूचना प्रदान करनी चाहिए। यह प्रयास होना चाहिए कि ऐसे आवेदकों को परेशान ना होना पड़े। आवेदनों पर उनकी त्वरित कार्रवाई से आमजन का जन सूचना के प्रति विश्वास बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि अक्सर गरीब लोगों की समस्याओं की याथोचित सुनवाई नहीं हो पाती। ऐसे लोगों की समस्याओं के समाधान में जन सूचना अधिकारी योगदान कर सकते है। जन सूचना अधिकारी यदि गरीबों पीड़ितों को प्राथमिकता के आधार पर सूचना देंगे, तो इसका सकारात्मक संदेश समाज में जायेगा।







