- हरियाणा में बीजेपी की हैट्रिक आम आदमी पार्टी का नहीं खुला खाता
- जम्मू कश्मीर के लोग अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के खिलाफ: फारूक अब्दुल्ला
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर 2024: एक दशक बाद हुए जम्मू- कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कांफ्रेंस अकेले दम पर 42 सीटें जीतने में सफल रही है। गठबंधन में शामिल कांग्रेस भी 6 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही है। इस प्रकार इंडिया गठबंधन ( 48 ) जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बहुमत के नंबर (46) के पार पहुंच गया है। भारतीय जनता पार्टी जम्मू में भी अपनी उम्मीद के मुताबिक सीटें नहीं जीत पाई।
उमर अब्दुल्ला बनेंगे मुख्यमंत्री: फारूक अब्दुल्ला
नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उनके पिता और नेकां अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को यह घोषणा की। उन्होंने जम्मू कश्मीर में हुए विधानसभा चुनाव में नेकां-कांग्रेस गठबंधन के सरकार बनाने की ओर बढ़ने पर यह घोषणा की। गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा किसे बनाया जाएगा, इसके बारे में पूछने पर फारूक ने पत्रकारों से कहा, ‘उमर अब्दुल्ला मुख्यमंत्री होंगे।’ नेकां अध्यक्ष ने कहा कि यह परिणाम इस बात का सबूत है कि जम्मू कश्मीर के लोग अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के खिलाफ थे। उन्होंने कहा, ‘लोगों ने अपना फैसला दे दिया है और यह साबित कर दिया है कि पांच अगस्त 2019 को लिए गए फैसले उन्हें स्वीकार्य नहीं हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना भी अपनी सीट नौसेरा 7 हजार वोटों से हार गए। अपने दम पर चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी के खातें में भी एक सीट गई है, उसके उम्मीदवार मेहराज डोडा विधानसभा क्षेत्र से जीतने में सफल रहे चुनावों से पहले जिन निर्दलीय उम्मीदवारों को लेकर सभी लोग बात कर रहे थे वह उतने असरदार साबित नहीं हुए। केवल 7 निर्दलीय उम्मीदवार इस चुनाव में जीत दर्ज कर पाए। पिछली बार भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने वाली पीडीपी केवल तीन सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही। महबूबा मुफ्ती के चुनाव न लड़ने के कारण पार्टी का पूरा दारोमदार उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती पर आया, लेकिन वह अपनी सीट भी बचाने में नाकाम रहीं।







