- लखनऊ विकास प्राधिकरण ने योजना के आवंटियों के लिए जारी की सार्वजनिक सूचना
- जनहित पोर्टल के माध्यम से फ्री-होल्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे आवंटी
लखनऊ विकास प्राधिकरण ट्रांसपोर्ट नगर योजना के भूखण्डों को लीज से फ्री-होल्ड करेगा। इसके लिए योजना के आवंटी जनहित पोर्टल के माध्यम से फ्री-होल्ड केे लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर इस सम्बंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर दी गयी है।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर योजना की शुरूआत वर्ष 1980 में की गयी थी। योजना में 50 वर्गमीटर से लेकर 1,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल के लगभग 1900 भूखण्ड हैं। जिनमें अधिकांश रूप से गोदाम/एजेंसी आदि संचालित हैं। प्राधिकरण द्वारा उक्त भूखण्ड लीज पर आवंटित किये गये थे। योजना के आवंटियों द्वारा लंबे समय से लीज डीड भूखण्डों को फ्री-होल्ड किये जाने की मांग की जा रही थी। दिनांक-27.03.2025 को हुयी प्राधिकरण बोर्ड की 184वीं बैठक में इसके प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गयी।
जिसके अनुपालन में योजना के भूखण्डों को लीज से फ्री-होल्ड किये जाने के सम्बंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर दी गयी है। योजना के आवंटियों को जनहित पोर्टल के माध्यम से फ्री-होल्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। साथ ही आवेदन पत्र, भूखण्ड के लीज डीड की निबंधन कार्यालय से प्राप्त सत्यापित प्रति, लीज रेंट की रसीद एवं शपथ पत्र प्राधिकरण कार्यालय में जमा कराना होगा। जिसके आधार पर प्राधिकरण द्वारा नियमानुसार फ्री-होल्ड की कार्रवाई निष्पादित करायी जाएगी।







