बाराबंकी में योग संस्थानों के साथ आयुष विभाग की तैयारी बैठक संपन्न
बाराबंकी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारियों को लेकर 31 मई को क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय, बाराबंकी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में विभिन्न गैर-सरकारी योग संस्थानों के योगाचार्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का शुभारंभ 5 मिनट के ‘वाई-ब्रेक योगा प्रोटोकॉल’ के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस योग सत्र ने सभी को आनंद, उत्साह और तनावमुक्ति का अनुभव कराया।
बैठक का आयोजन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. वीनम यादव और जिला होम्योपैथी चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव के संयुक्त निर्देशन में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष विभाग) दिव्या मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। बैठक में भारतीय योग संस्थान से इंद्र राज वर्मा, डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क स्मारक अनुरक्षण समिति, बिरजू संस्थान योग केंद्र से रत्नेश कुमार, गायत्री शक्ति पीठ से रविंद्र कुमार, कपिल मुनि योग एवं ध्यान साधना केंद्र से डॉ. शशि कुमार अवस्थी, ब्रह्माकुमारी संस्थान से सुरेंद्र कुमार और पं. दीन दयाल उपाध्याय संस्थान से बलराम वर्मा जैसे प्रतिष्ठित योगाचार्यों ने भाग लिया।
डॉ. वीनम यादव ने बताया कि इस वर्ष 21 जून 2025 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ‘एक धरती, एक स्वास्थ्य’ की थीम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर को सफल बनाने के लिए सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों, आम जनमानस और अनप्लग्ड संगठनों के सहयोग से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। बैठक में योग दिवस के आयोजन को भव्य और प्रभावी बनाने के लिए रणनीतियों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम का संचालन हर्षित मौर्य और आशुतोष ने किया। इस अवसर पर संदीप वर्मा, संजय श्रीवास्तव, भारती, प्रह्लाद सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। यह बैठक योग के प्रति जागरूकता और सामूहिक सहभागिता को बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित हुई।







