लखनऊ, 6 जून : लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र में 5 जून 2025 को एक तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी। आरोपी दीपक वर्मा, जो ऐशबाग का निवासी था और रेलवे में पानी बेचने के साथ-साथ जागरण में झांकियां सजाने का काम करता था, ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की और स्कूटी के नंबर के आधार पर दीपक की पहचान की। पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
बता दें कि 6 जून 2025 को तड़के, आलमबाग के देवी खेड़ा रोड पर पुलिस और दीपक वर्मा के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, दीपक ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस की गोलीबारी में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और स्कूटी बरामद की। बताया जाता है कि आरोपी ने आलमबाग मेट्रो स्टेशन से बच्ची को किडनैप कर रेप किया था।
पीड़ित बच्ची की हालत गंभीर है और उसका इलाज किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में चल रहा है। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे लोकबंधु अस्पताल से KGMU रेफर किया गया था। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें हैं, और उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, क्योंकि यह अपराध आलमबाग मेट्रो स्टेशन के पास, पुलिस चौकियों के नजदीक हुआ।







