अखिलेश यादव ने कहा मथुरा-वृंदावन कॉरिडोर के नाम पर आस्था को व्यापार बनाने की साजिश
लखनऊ, 8 जुलाई 2025: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मथुरा-वृंदावन कॉरिडोर को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला है। सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कॉरिडोर के नाम पर लोगों को उजाड़ा जा रहा है और भाजपा से जुड़े लोग जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा, “मथुरा-वृंदावन कॉरिडोर के नाम पर सरकार छोटे व्यापारियों को बेदखल कर रही है, जबकि बड़े कारोबारियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। भाजपा के संघी साथी पहले कम दाम पर जमीन खरीदते हैं और फिर ऊंची कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते हैं। यह आस्था को व्यापार बनाने की साजिश है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि मथुरा की गलियां आस्था का प्रतीक हैं और सनातन धर्म का सच्चा रास्ता यही है, जिसे सरकार नष्ट कर रही है।
गहन जांच की जाएगी: अखिलेश यादव
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आती है, तो भाजपा के इस कथित ‘मुआवजा घोटाले’ की गहन जांच की जाएगी।
उन्होंने कांवड़ यात्रियों के लिए भी अलग से कॉरिडोर बनाने का वादा किया, जिसमें दुकानदारों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांवड़ियों को केवल बरगलाने का काम कर रही है, उनके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
इसके साथ ही, अखिलेश ने मथुरा-वृंदावन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को बचाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने विदेशी शहरों जैसे वेनिस और फ्रांस का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पुरानी गलियों और धरोहरों को संरक्षित किया जाता है, लेकिन भाजपा अपनी विरासत को नष्ट करने में लगी है।मथुरा-वृंदावन कॉरिडोर को लेकर स्थानीय स्तर पर भी विरोध देखने को मिल रहा है। कई लोग, खासकर गोस्वामी समाज और छोटे व्यापारी, इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं।
उनका कहना है कि इससे उनकी आजीविका और वृंदावन की पारंपरिक कुंज गलियां प्रभावित होंगी। दूसरी ओर, मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने जून 2025 में इस कॉरिडोर के निर्माण को हरी झंडी दे दी थी, जिसे कुछ पार्षदों ने समय की जरूरत बताया, जबकि अन्य ने इसका विरोध किया।अखिलेश ने यह भी कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को इस ‘विनाशकारी नीति’ के लिए सबक सिखाएगी।
उन्होंने दावा किया कि मथुरा-वृंदावन की जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी। इस मुद्दे पर भाजपा की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।







