विश्व युवा कौशल दिवस पर बोले सीएम योगी: भाजपा की सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है
लखनऊ, 16 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि भाजपा की सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित दो दिवसीय कौशल मेले और प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद योगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षित युवा आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत है और भाजपा की सरकारें उन्हे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिये कटिबद्ध हैं। 
इस अवसर पर विभिन्न युवाओं को यूथ आइकॉन एवं नव उद्यमियों को ‘इंडस्ट्री एंबेसडर सम्मान’ से सम्मानित करने के साथ ही स्किल रथ को हरी झंडी भी दिखाई।
उन्होंने कहा कि देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में 25 करोड़ की आबादी में 56 से 60 प्रतिशत लोग कामकाजी वर्ग से हैं। इन युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘एआई और डिजिटल स्किल के माध्यम से युवा सशक्तिकरण’ उत्तर प्रदेश के लिए विशेष रूप से प्रासंगिक है, क्योंकि यह राज्य की युवा शक्ति को नई दिशा प्रदान करने का आधार बन रही है।
योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले आठ वर्षों में परंपरागत उद्यमों को पुनर्जीवित किया है। उन्होंने कहा हमने स्केल को स्किल में बदलने के लिए कई कदम उठाए हैं।







