लखनऊ, 16 जुलाई 2025: उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के तत्वाधान में आज नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) की बिजली दरों की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बड़ा खुलासा करते हुए कंपनी पर भ्रष्टाचार और अनुबंध उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एनपीसीएल केवल लाभ कमा रही है और इसका अनुबंध तत्काल निरस्त कर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम को सौंपा जाए।
वर्मा ने दावा किया कि कंपनी के कोलकाता में बैठे एक एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ट्रांसफार्मर खरीद में वेंडरों से करोड़ों रुपये की नकद मांग करते हैं। यह जानकारी एक वेंडर ने गोपनीय रूप से दी। उन्होंने इस मामले की सीबीआई या ईडी से जांच की मांग की। उपभोक्ता परिषद ने कहा कि कंपनी की वेबसाइट पर बार-बार टेंडर जारी और निरस्त होने से भ्रष्टाचार की शिकायतों की पुष्टि होती है।
सुनवाई में किसानों ने मुफ्त बिजली न मिलने की शिकायत की, जबकि मल्टी-स्टोरी परिसर के उपभोक्ताओं ने बिल्डरों द्वारा उत्पीड़न और बिल संबंधी समस्याओं का मुद्दा उठाया। वर्मा ने 10% रिबेट को जारी रखने और डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन की समस्याओं पर ध्यान देने की मांग की।
नियामक आयोग के अध्यक्ष अरविंद कुमार और सदस्य संजय कुमार सिंह की मौजूदगी में सुनवाई हुई। उपभोक्ता परिषद ने आयोग से उपभोक्ताओं की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की अपील की।







