हमलावर फरार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कौशाम्बी, 16 जुलाई। जनपद मुख्यालय मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के भेलखा गांव में बीती रात एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। मंगलवार रात नलकूप पर सो रहे 55 वर्षीय प्रेमचंद पर अज्ञात हमलावरों ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर उनकी हत्या कर दी। हमले के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना की जानकारी सुबह गांव वालों को तब हुई, जब वे खेतों की सिंचाई के लिए नलकूप पर पानी लेने पहुंचे और प्रेमचंद को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया।
परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने घायल प्रेमचंद को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मंझनपुर कोतवाली पहुंच गए, जहां परिजनों ने शव के साथ प्रदर्शन किया। मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश जारी है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
– सुबोध केशरवानी







