सुबोध केशरवानी
कौशाम्बी: चायल तहसील के ग्राम फरीदपुर सुलेम में गुरुवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। 53 वर्षीय सीमा देवी, पत्नी रामराज साहू, की एक जहरीले सांप के काटने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब सीमा शाम करीब 5 बजे अपने घर के आंगन में काम कर रही थीं। अचानक एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया, जिसने उनके परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया।
झाड़-फूंक और देरी बनी मौत की वजह
परिजनों ने पहले स्थानीय झाड़-फूंक का सहारा लिया, लेकिन सीमा की हालत बिगड़ती चली गई। आनन-फानन में उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे सीमा ने दम तोड़ दिया। गांव वालों का कहना है कि अगर समय पर सही इलाज मिल जाता, तो शायद सीमा की जान बच सकती थी।
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सीमा देवी का परिवार बेहद गरीब और भूमिहीन है। उनके पति रामराज साहू मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पेट पालते थे। उनके दो बेटे, शुभम (21) और सौरभ (25), अभी पूरी तरह से माता-पिता पर निर्भर थे। सीमा की अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डुबो दिया है। घर में अब मातम पसरा है और रिश्तेदारों व पड़ोसियों की भीड़ लगी हुई है। “
अब कौन संभालेगा परिवार को?”
गांव के लोगों का कहना है कि सीमा न केवल अपने परिवार की धुरी थीं, बल्कि उनकी मेहनत और हिम्मत से ही घर का चूल्हा जलता था। उनकी मौत ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गरीब परिवार को आर्थिक मदद दी जाए, ताकि वे इस दुख की घड़ी में कुछ हद तक संभल सकें।यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सर्प दंश के इलाज में देरी और जागरूकता की कमी की गंभीर समस्या को उजागर करती है।







