5D मोशन थिएटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे ऊर्जा मंत्री एके शर्मा
लखनऊ, 21 जुलाई। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के मुरादाबाद दौरे के दौरान एक कार्यक्रम में 10 मिनट की बिजली कटौती ने बड़ा बवाल मचा दिया। नाराज मंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच बिजली अधिकारियों जिसमे मुख्य अभियंता अरविंद सिंघल, अधीक्षण अभियंता सुनील अग्रवाल, अधिशासी अभियंता प्रिंस गौतम, एसडीओ राणा प्रताप और जेई ललित कुमार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनको निलंबित कर दिया।
बता दें कि यह घटना 20 जुलाई 2025 को गांधी पार्क में हुई, जहां मंत्री 5D मोशन थिएटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे। बिजली गुल होने से कार्यक्रम में अंधेरा छा गया, जिसे मंत्री ने घोर लापरवाही माना। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी ईशा दुहन ने जांच के बाद यह कार्रवाई की।
मालूम हो कि यूपी में बिजली संकट कोई नई बात नहीं है। गर्मी और उमस के बीच कई जिलों में बिजली कटौती की समस्या गंभीर है। सुल्तानपुर में लोग केवल 3-4 घंटे बिजली मिलने की शिकायत कर रहे हैं, जिसका एक वायरल वीडियो में मंत्री के “जय श्रीराम” कहकर चले जाने की घटना ने भी विवाद खड़ा किया। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सरकार पर बिजली व्यवस्था को लेकर निशाना साधा है, दावा किया कि 2017 के बाद कोई नया पावर स्टेशन नहीं बना। निजीकरण को लेकर भी विवाद छिड़ा है। कर्मचारी संगठन इसका विरोध कर रहे हैं, चेतावनी दी है कि निजीकरण टेंडर जारी होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी।
ऊर्जा मंत्री ने हालांकि कहा कि निजीकरण से बिजली आपूर्ति बेहतर होगी, लेकिन कर्मचारी इसे जनविरोधी मानते हैं। बिजली की मांग 30,600 मेगावाट तक पहुंच चुकी है, और ट्रांसफार्मर खराब होने, मेंटेनेंस की कमी और पुरानी तकनीक के कारण संकट बढ़ रहा है।
लोगों ने दी जबरदस्त प्रतिक्रिया : –
ऋषभ श्रीवास्तव ने लिखा : काम के न काज के ढाई मन अनाज के,यूपी में रोज तरवे टूट रहा है बिजली का। जब निजी हो जाएगा तो माननीय किसको सस्पेंड करेंगे और 10 मिनट के लिए बिजली क्या लोकल फाल्ट पर नही जा सकती है जैसे हर बार लोकल फाल्ट के नाम पर 5 5 घण्टा बिजली उड़ा दी जाती है फिर रोस्टिंग में अलग खेल होता है।
नावेद ने लिखा : तीनों को एक साथ एक स्वर में बोलना चाहिए था जय श्री राम,जय। ..सस्पेंड तो छोड़िए हो सकता है प्रमोट ही हो जाते।
एक पत्रकार ने लिखा : मतलब मंत्री जी 10 मिनट बिजली के बिना नहीं रह सकते और जनता 10 घंटे अंधेरे में रहे तो किसी को फर्क नहीं पड़ता।
अब्बास ने लिखा : सही बात है बिजली अधिकारियों की बहुत बड़ी गलती जब तक नेताजी का प्रोग्राम था बिजली सप्लाई चालू रखी जानी चाहिए थी, उनके जाने के बाद भले ही दो दिन के लिए बिजली काट देते हैं कोई फर्क नहीं पड़ता







